''जब खुद पर संकट आता है तब ही मुश्किलें समझ में आती हैं'', सुनैना चौटाला ने दुष्यंत चौटाला पर कसा तंज
punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 04:34 PM (IST)
करनाल : करनाल पहुंचीं सुनैना चौटाला ने पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और हिसार CIA प्रकरण को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब किसान आंदोलन के दौरान 13 महीने तक किसान बॉर्डर पर संघर्ष कर रहे थे, तब उनके समर्थन में कोई आवाज क्यों नहीं उठाई गई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “क्या किसानों में युवा नहीं होते?” और जोड़ा कि जब खुद पर संकट आता है, तब ही मुश्किलें समझ में आती हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश में किसानी पहले भी खतरे में थी और आज भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इस गंभीर विषय पर पर्याप्त चर्चा नहीं होने पर उन्होंने सवाल उठाए। सुनैना चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल और ओमप्रकाश चौटाला ने इंडियन नेशनल लोकदल को खून-पसीने से सींचा था। पार्टी को तोड़कर यह उम्मीद करना कि जनता साथ देगी, केवल एक भ्रम है।
इंडियन नेशनल लोकदल की वरिष्ठ नेता ने कहा कि जो लोग पहले पार्टी का हिस्सा थे, उन्होंने उस समय आवाज क्यों नहीं उठाई। अब पार्टी से बाहर होने के बाद बयान देना केवल राजनीतिक मकसद से प्रेरित है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा की जनता ने जननायक जनता पार्टी को पूरी तरह नकार दिया है।
परिवार के सवाल पर सुनैना चौटाला से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि परिवार में कोई दोराहे नहीं हैं, लेकिन सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर इन मुद्दों को उछालना सही नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक रूप से अनावश्यक विवाद खड़ा करना भी गलत है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)