इस्तीफा देने वाले पंजाब पुलिस के डी.आई.जी. पहुंचे हरियाणा के किसानों के बीच

12/20/2020 9:51:13 AM

डबवाली : केंद्र सरकार के 3 नए कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में पंजाब पुलिस के डी.आई.जी. पद से इस्तीफा देने वाले लखमिंदर सिंह जाखड़ आज डबवाली के खुइयांमलकाना टोल प्लाजा पर चल रहे धरने में हरियाणा के किसानों के बीच पहुंचे। यहां उन्होंने किसानों के साथ कुुछ समय बिताया और आंदोलन पर चर्चा की। 

इसके बाद लखमिंदर जाखड़ चोरमार स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे जहां उन्हें सिरोप भेंट किया गया। हरियाणा के किसानों ने भी जाखड़ को सम्मानित किया। इस दौरान खुइयांमलकाना टोल प्लाजा पर हरियाणा किसान एकता के बैनर तले पक्का मोर्चा लगाए बैठे किसानों ने जब किसान एकता जिंदाबाद और काले कानून वापस लो जैसे नारे लगाए तो लखमिंदर जाखड़ ने भी उनके साथ नारे लगाए। इसके बाद लखमिंदर सिंह जाखड़ काफिले के साथ दिल्ली के टिकरी बॉर्डर रवाना हो गए।

Manisha rana