डिजिटल हरियाणा का रोडमैप तैयार

2/22/2017 3:21:26 PM

चंडीगढ़ (संघी):हरियाणा सरकार ने डिजीटल हरियाणा रोडमैप तैयार किया है, ताकि नागरिकों को सूचना प्रौद्योगिकी के जरिए नागरिक केंद्रित सेवाओं को नव, त्वरित व बिना रुकावट वितरण प्रणाली के माध्यम से मुहैया करवाई जा सके व भ्रष्टाचार पर नकेल लग सके।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सी.एम. डिजीटल हरियाणा सैल की बैठक में कहा कि डिजीटल हरियाणा रोडमैप के तहत सभी विभागों को जोड़ा जाएगा व भ्रष्टाचार पर नकेल कसने के साथ ही डिजीटल लिटरेसी पर भी विशेष बल दिया जाएगा। इस रोडमैप के तहत किए जाने वाले सभी आई.टी. पहलों व उसका क्रियान्वयन का मूल्यांकन थर्ड पार्टी से करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस डिजीटल रोडमैप का मुख्य उद्देश्य आई.टी. को ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना होगा। 

बैठक में बताया गया कि यह डिजीटल हरियाणा रोडमैप अगले 2 वर्षों के लिए तैयार किया गया है। इसके तहत नागरिकों को सेवाओं का वितरण डिजीटली किया जाएगा जिसके तहत जैसे कि जन्म से ही टीकाकरण के लिए डिजीटल सेवा का उपयोग, विद्यालयों में सीधे उनके खातों में छात्रवृत्ति का हस्तांतरण, रियल-टाइम उपस्थिति के बारे में अभिभावकों को एस.एम.एस. के माध्यम से जानकारी, 18 वर्ष की आयु होने पर स्थानीय मतदाता पंजीकरण की जानकारी एस.एम.एस. के माध्यम से देना, अटल सेवा केंद्रों के माध्यम से नई सेवाओं की जानकारी, विवाह पंजीकरण के लिए स्वचालित प्रमाणीकरण व नए घर के लिए ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से स्वचालित प्रमाणीकरण जैसी सेवाएं शामिल हैं।