सपना पर दिग्विजय का तंज- नाचने-गाने वाले ठुमके लगाकर दिलाएंगे भाजपा को वोट

7/8/2019 10:41:01 PM

सिरसा(सतनाम सिंह): लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा में इनेलो के दिग्गजों का शामिल होने का सिलसिला जारी है। इनेलो नेताओं के भाजपा में शामिल होने पर इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने तंज का कहना है कि ये लोग इनेलो से शिफ्ट नहीं हो रहे, इन्हें शिफ्ट करवाया जा रहा है। चौटाला आज सिरसा में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान दिग्विजय चौटाला ने सपना चौधरी के भाजपा में शामिल होने पर भी तंज कसा।

सपना चौधरी के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर दिग्विजय चौटाला ने कहा की नाचने गाने वाले लोग, ठुमके लगाकर भाजपा को वोट दिलवाएंगे तो राजनीति का बेड़ा गर्क हो जाएगा। उन्होंने कहा की ऐसे लोगो को जॉइन करवाने से पहले नरेंद्र मोदी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सोचना चाहिए। दिग्विजय ने कहा कि एक प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री उनको हस्ताक्षर करवाकर उन्हें पार्टी जॉइन करवाए तो ये देश की संस्कृति और राजनीति किस ओर जा रही है, क्या भाजपा इसे कल्चर कहती है, मैं इसे कल्चर नहीं मानता। 

दिग्विजय के इस बयान पर भाजपा विधायक असीम गोयल ने कहा कि इनकी महिलाओं के प्रति क्या मानसिकता रही है, उसे पूरा प्रदेश जानता है। लेकिन यह पढ़े लिखे हैं तो लगता था यह महिलाओं का सम्मान करेंगे, परंतु इन्होंने अपनी सभ्यता को दर्शा दिया।

वहीं, इनेलो नेताओं के भाजपा में शिफ्टिंग वाले बयान पर गोयल ने दिग्विजय को अपनी गिरेबान में झांकने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी के जो नेता बीजेपी में आ रहे हैं उनकी सेटिंग के बारे में भी वे जरुर बताएं। असीम गोयल ने कहा ये उनकी खिसियाहट है। गोयल ने कहा जो आज अभय व अजय चौटाला में हुआ है वो आने वाले समय में दुष्यंत व दिग्विजय के बीच भी जरुर होगा।

Shivam