बलराज कुंडू पर बोले दिग्विजय, एक विधायक से नहीं गिरती सरकार(VIDEO)

2/28/2020 11:15:19 PM

चरखी दादरी(नरेंद्र): निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू द्वारा सरकार से समर्थन वापस लेने पर इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक विधायक से सरकार नहीं गिरती, सरकार ऐसे ही चलती रहती है। दिग्विजय ने कहा कि इससे सरकार पर कोई आंच नहीं आएगी, ये सरकार मजबूत है जाेकि पांच साल तक चलेगी। बता दें कि पिछले कल ही कुंडू ने सरकार से समर्थन वापसी का ऐलान किया था। जिसके बाद से हरियाणा की राजनीति गर्मा गई है। 

दरअसल, इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला चरखी दादरी में पूर्व शिक्षा मंत्री बहादुर सिंह के भतीजे का देहांत होने पर उनके निवास स्थान पर शोक प्रकट करने पहुंचे। इस दौरान बजट के बारे में बताते हुए दिग्विजय ने कहा कि भाजपा जजपा गठबंधन की सरकार में आज जारी किया गया पहला बजट प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। यह छतीस बिरादरी के कल्याण के लिए ऐतिहासिक साबित होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खेलों की डाईट में वृद्धि, 16 नए कॉलेजों की स्थापना व गरीब तबके की छात्राओं को एमए तक निशुल्क शिक्षा देने के निर्णय से युवाओं को सबसे अधिक लाभ मिलेगा।दिग्विजय ने कहा कि सीएम मनोहर लाल व डिप्टी सीएम दुष्यंत सिंह चौटाला ने पहली बार देश में एक नई परंपरा की शुरुआत करते हुए बजट से पहले भाजपा जजपा के अलावा कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों के विधायकों से सलाह मशवरा कर एक जनहितकारी बजट तैयार किया।

इसमें कृषि किसान, नौजवान के अलावा शिक्षा, चिकित्सा क्षेत्र के लिए पिछली सरकारों से दौगुना बजट दिया गया है जो अपने आप में नया दूरगामी निर्णय है। वहीं कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों द्वारा सरकार पर बार बार अस्थिर होने का आरोप लगाने पर उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह मजबूत है। 

Edited By

vinod kumar