किसानों पर हुए लाठीचार्ज पर दिग्विजय ने कहा- इसकी जांच हो, नैना चौटाला ने भी दी प्रतिक्रिया

9/10/2020 7:56:32 PM

चरखी दादरी/डेस्क (नरेन्द्र): हरियाणा के पीपली में किसानों ने एक बड़ी रैली की, इस दौरान रैली में हिस्सा लेने वाले किसानों की संख्या हजारों में थी, जिन्हें रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने लाठीचार्ज किया। इस लाठीचार्ज में कई किसानों को चोटें आई हैं और कुछ को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं कई पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं। आज किसानों पर हुई लाठीचार्ज को लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरने की भरपूर कोशिश की है। वहीं जजपा नेता दिग्विजय सिंह चौटाला व बाढड़ा की विधायक नैना चौटाला ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

दिग्विजय चौटाला ने ट्विटर पर लिखा,  ' आज किसानों के साथ हुई लाठीचार्ज की घटना बहुत निंदनीय है। किसानों को हुई पीड़ा को हम अपनी पीड़ा मानते हैं। आज के घटनाक्रम की जांच होनी चाहिए। यह दु:खद घटना है, ऐसा नहीं होना चाहिए था।'
 

 

वहीं दिग्विजय की माता व बाढड़ा की विधायक नैना चौटाला ने कहा कि उन्होंने पूरी न्यूज नहीं देखी है। अगर बेकसूर किसानों पर लाठीचार्ज हुआ है तो वह गलत है। नैना चौटाला आज हलके में विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण करने के दौरान गांव द्वारका में लोगों को संबोधित कर रही थी।

 

 

Shivam