प्रियंका गांधी से मिले दीपेंद्र हुड्डा व नीरज शर्मा, हरियाणा की राजनीति पर हुई लंबी बातचीत

punjabkesari.in Saturday, Feb 25, 2023 - 09:38 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी) : लगातार नजदीक आ रहे लोकसभा-विधानसभा चुनावों के मध्यनजर जहां भाजपा के वरिष्ठ केंद्रीय नेताओं का आवागमन हरियाणा में लगातार दिखने लगा है, वहीं भारत जोड़ो यात्रा के बाद कांग्रेस भी पूरी तरह से सक्रिय है। इसी क्रम में लगातार वरिष्ठ नेताओं का प्रदेश की राजनीति को भली-भांति समझने वाले राजनीतिज्ञों-विशेषज्ञों के साथ बैठकों का दौर शुरू हो गया है। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा के साथ फरीदाबाद एनआईटी-86 से विधायक नीरज शर्मा ने वरिष्ठ नेत्री प्रियंका गांधी के साथ बैठक के दौरान हरियाणा की राजनीति को लेकर लंबी गुफ्तगू की। इस बैठक का सीधा-सीधा मतलब हरियाणा को बारीकी से समझना था। प्रदेश की जनता की नब्ज को खूब समझने वाले नीरज शर्मा उम्र के लिहाज से बेशक युवा हों, लेकिन राजनीतिक रूप से बेहद सूझबूझ रखने वाले परिपक्व नेताओं की लिस्ट में उनका नाम शुमार है।

जानकारी मुताबिक प्रियंका गांधी नीरज शर्मा से काफी प्रभावित नजर आईं और नीरज की तारीफ भी करती हुई दिखीं। मुख्यमंत्री झारखंड के ओएसडी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने के साथ साथ शर्मा प्रदेश संगठन में भी कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं और पूर्व मंत्री शिव चरण लाल शर्मा के सुपुत्र होने के नाते बचपन से ही राजनीति के दांवपेंच नीरज शर्मा खूब समझते हैं। 

नीरज शर्मा की केंद्रीय और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ नेताओं से निकटता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि इस बैठक में हरियाणा से मात्र दीपेंदर और नीरज ही मौजूद थे और बेहद गंभीर विषय पर चर्चा हुई है। नीरज शर्मा ने प्रियंका गांधी को बेहद संघर्षशील नेता बताते हुए कहा कि प्रियंका गांधी युवाओं के रोल मॉडल हैं और जिस प्रकार से पड़ोसी राज्य हिमाचल में राहुल-प्रियंका गांधी के नेतृत्व में हुए चुनाव का रिजल्ट कांग्रेस के पक्ष में आया, इसी प्रकार से हरियाणा में भी एक कीर्तिमान स्थापित होने जा रहा है।

बता दें कि नीरज शर्मा सर्वश्रेष्ठ विधायक का अवार्ड प्राप्त करने का भी सौभाग्य हासिल कर चुके हैं और विधानसभा में प्रदेश स्तर के कई अहम मुद्दों को बड़ी बेबाकी-बखूबी और स्पष्टता के साथ सदन पटल पर बात रखते हैं। कई घोटाले तथ्यों के साथ उजागर करने का भी नीरज शर्मा लगातार दावा करते रहे हैं। प्रदेश और जनहित के मुद्दों पर कई बार एक अनोखे प्रण लेते हुए भी नीरज शर्मा जनता के आकर्षण का केंद्र बनते रहे हैं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Related News

static