स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरकार किसानों को दिखाए बड़ा दिल: दीपेन्द्र हुड्डा

1/5/2021 1:12:20 AM

गुरुग्राम (मोहित): राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने गुरुग्राम में किसान आंदोलन को लेकर केन्द्र सरकार पर निशाना साधा है। दीपेन्द्र ने सरकार आग्रह किया है कि सरकार किसानों को बड़ा दिल दिखाए, उनकी मांगों को मानते हुए गतिरोध को समाप्त करे। उन्होंने कहा कि पूरे देश का किसान भावनात्मक रूप से इस आंदोलन से जुड़ा है और किसानों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। टिकरी बॉर्डर पर किसानों का 17 किलोमीटर, सिंधु बॉर्डर 25 किलोमीटर लंबा धरना लगा हुआ है। सरकार स्थिति की गंभीरता को समझे।

दीपेन्द्र ने कहा कि इस धरना प्रदर्शन से हर रोज किसानों के शव निकल रहे हैं। सरकार राजहठ छोड़कर किसानों के लिए बड़ा दिल दिखाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार तो खैर देश की सबसे ज्यादा किसान विरोधी सरकार के रूप में खुद को प्रमाणित कर चुकी है। शुरुआत में पंजाब के किसान शांतिपूर्ण तरीके से रामलीला ग्राउंड में धरना देने जा रहे थे, उन पर हरियाणा सरकार ने छावनी बनाकर लाठीचार्ज किया। इससे हरियाणा सरकार का नाम देश की सबसे ज्यादा किसान विरोधी सरकार के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान प्रदेश की हरियाणा सरकार किसानों के लिए विलेन बनी। 

वहीं मुख्यमंत्री द्वारा तीन कृषि बिलों के प्रस्ताव को कांग्रेस द्वारा तैयार बताने पर दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने तीन कृषि बिलों का प्रस्ताव तैयार नहीं किया। देश में भाजपा सबसे झूठी पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कभी भी ऐसा प्रस्ताव नहीं था। देश के किसान का भविष्य ओद्यौगिक घरानों के हाथ में करके सरकार पीछे हट जाएगी।

Shivam