हरियाणा की राजनीति पर अनुराग ठाकुर व दुष्यंत चौटाला के बीच हुई चर्चा

11/11/2019 10:01:26 AM

जालंधर(कमलेश): हरियाणा में भाजपा की सरकार में सहयोगी पार्टी जननायक जनता पार्टी के उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर से उनके जालंधर स्थित निवास स्थान पर जाकर एक शिष्टाचार मुलाकात की, जिसमें मुख्य रूप से उपस्थित हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, भाजपा पंजाब के प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर एवं बी.सी.सी.आई. के कोषाध्यक्ष अरुण सिंह ठाकुर भी मौजूद थे। 

इस दौरान दुष्यंत चौटाला ने अनुराग सिंह ठाकुर के साथ हरियाणा की राजनीति के बारे में विस्तार से विचार-विमर्श कर उन्हें आने वाले समय में हरियाणा राज्य के लिए किए जाने वाले कार्यों से अवगत कराया।  गौरतलब है कि अनुराग सिंह ठाकुर व दुष्यंत चौटाला की मित्रता के कारण ही आज हरियाणा में गठबंधन का रास्ता साफ हो पाया है। 

 दुष्यंत चौटाला ने बताया कि हरियाणा में भाजपा के साथ मिलकर स्थायी सरकार बनाने के लिए हमने यह मजबूत निर्णय हरियाणा की जनता के हितों का ध्यान रखते हुए लिया है।  हरियाणा में भाजपा और जजपा मिलकर युवाओं को एक नई ताकत और ऊर्जा देगी जो हरियाणा राज्य के लिए एक नया परिवर्तन साबित होगा।  अनुराग ठाकुर ने कहा कि हरियाणा के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए केन्द्र सरकार प्रतिबद्ध है और जल्द ही हरियाणा में इन्वैस्टमैंट के लिए फैसले लिए जाएंगे।

Edited By

vinod kumar