गुरूद्वारे में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में चली गोली, फायरिंग में एक गंभीर रूप से घायल

8/18/2022 3:23:24 PM

रोहतक(दीपक): हरियाणा के रोहतक में बंगला साहिब गुरुद्वारा में कल देर रात दो पक्षों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने खूनी रूप धारण कर लिया। दोनों पक्षों में तलवार चलने के साथ फायरिंग हुई। इस विवाद में एक शख्स को गोली लग गई जबकि एक घायल हो गया। फायरिंग की शिकायत मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी। इसी के साथ पुलिस द्वारा गुरुद्वारा की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जा रही है।

 

एक पक्ष के ऊपर कई लोगों ने एकाएक बोला हमला

 

जानकारी के अनुसार रात को गुरुद्वारे में  शब्द कीर्तन के साथ लंगर चल रहा था। इसी दौरान दोनों पक्ष के लोग गुरुद्वारे में मत्था टेकने आए हुए थे। पीड़ित पक्ष से जसपाल ने बताया कि गुरुद्वारा में माथा टेकने के समय दूसरे पक्ष के लोगों के साथ अचानक किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और अचानक ही पांच छ लोगों ने उनके ऊपर हमला कर दिया। आरोपी पक्ष ने उनके ऊपर तलवारों से हमला कर दिया। यही नहीं इसके बाद एक युवक ने पिस्तौल से फायर भी किया। जसपाल ने बताया कि उनका भाई पेट ने गोली लगने से घायल हो गया है। उन्होंने बताया कि उनके ऊपर भी तलवार से हमला किया गया है।

 

दोनों पक्ष के लोगों में थी पुरानी रंजिश

 

डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि आरोपी सुखबीर उर्फ जस्सी ने अपने साथियों के साथ मिलकर किसी के ऊपर तलवार से हमला किया है। इसी के साथ इस विवाद में गोली चलने की भी शिकायत मिली थी। उन्होंने बताया कि इस हमले में बलदेव नामक व्यक्ति को पेट में गोली लगी है, जबकि जसपाल भी तलवार के हमले से घायल हुआ है। डीएसपी रविंद्र ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों पक्षों के बीच कभी पुरानी कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में बीती रात गुरुद्वारा में यह विवाद हुआ है। इस मामले में मुख्य आरोपी सुखबीर उर्फ जस्सी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि विवाद के पीछे की असल सच्चाई का पता लग सके।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan