इसी माह हो सकती है जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति

6/10/2018 12:00:24 PM

हिसार( अरोड़ा): हरियाणा से कांग्रेस के प्रदेश प्रतिनिधियों और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्यों की सूचि को प्रदेश हाईकमान द्वारा रद्द किए जाने के बाद बेशक इन नियुक्तियों के लिए प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को अभी कुछ देर और इंतजार करना पड़ सकता है और नई बनने वाली प्रदेश कार्यकारिणी के गठन में भी कुछ समय लग सकता है। मगर लंबे समय से अपनी नियुक्तियों का इंतजार कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के चाहवान नेताओं को अब जल्द ही अच्छा समाचार मिल सकता है। 

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर हाईकमान की स्वीकृति के बाद जल्द ही जिला कांग्रेस अध्यक्षों की सूचि जारी कर सकते हैं। इन सूत्रों का कहना है कि हरियाणा के कुल 22 जिलों में 32 जिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किए जाने हैं। क्योंकि कुछ जिलों में 1-1 जिलाध्यक्ष होंगे, जबकि कुछ जिलों में 2 या 3 जिलाध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। मिली जानकारी के अनुसार जिला कांग्रेस अध्यक्षों की यह सूचि जून माह के अंत तक या जुलाई के प्रथम सप्ताह में जारी कर दी जाएगी। 

हरियाणा के 22 जिलों में बनेंगे 32 जिला कांग्रेस अध्यक्ष

इन जिलों में इतने बनेंगे अध्यक्ष
कांग्रेस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अंबाला जिला में सबसे अधिक तीन जिलाध्यक्ष बनेंगे। इस जिला में एक अंबाला शहरी, एक अंबाला छावनी व एक अंबाला ग्रामीण अध्यक्ष होगा जबकि 8 अन्य जिलों में ग्रामीण व शहरी दो-दो अध्यक्ष होंगे। जिन जिलों में 2-2 अध्यक्ष बनाए जाने हैं उनमें सोनीपत, करनाल, यमुनानगर, भिवानी, रोहतक, पानीपत, हिसार व गुरुग्राम शामिल हैं। शेष बचे 13 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, फरीदाबाद, दादरी, पंचकूला, रेवाड़ी, पलवल, महेंद्रगढ़, झज्जर व नूंह में एक-एक जिला अध्यक्ष की नियुक्ति होगी।

प्रदेश व ए.आई.सी.सी. सदस्यों की नियुक्ति हो चुकी है रद्द
गौरतलब है कि इसी वर्ष मार्च में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन से पूर्व हरियाणा से 178 प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधियों के साथ साथ 44 ए.आई.सी.सी. सदस्यों की सूचि जारी की गई थी। मगर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में चल रही खींचतान व गुटबाजी के चलते कांग्रेस हाईकमान द्वारा दोनों ही सूचियों को रद्द कर दिया गया था। हालांकि ए.आई.सी.सी. सदस्यों की एक संशोधित सूचि फिर से जारी हुई मगर उसे भी बाद में रद्द कर दिया गया।  

Deepak Paul