Saweety Boora-Deepak Hooda Divorce: स्वीटी बूरा और दीपक हुड्डा का हुआ तलाक, 2022 में हुई थी शादी...
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 01:32 PM (IST)
हिसार (विनोद सैनी) : हिसार में अर्जुन अवॉर्डी मुक्केबाज स्वीटी बूरा और कबड्डी खिलाड़ी दीपक हुड्डा के बीच तलाक हो गया है। हिसार कोर्ट में दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया। दोनों के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद भी खत्म हो गया है।
जानकारी के अनुसार कोर्ट में स्वीटी बूरा ने साफ कहा कि अब दीपक हुड्डा के साथ उनका रहना संभव नहीं है। वहीं दीपक हुड्डा ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। दोनों की शादी साल 2022 में हुई थी, लेकिन फरवरी 2025 से रिश्तों में खटास आ गई थी। इसके बाद से यह मामला लगातार विवादों में बना हुआ था, जिसका अब अंत हो गया है। इस फैसले के साथ ही दोनों खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी राहें अलग कर ली हैं।
बता दें कि स्वीटी बूरा ने दीपक हुड्डा पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट, पासपोर्ट छीनने और मानसिक उत्पीड़न जैसे आरोप लगाए थे। उन्होंने जान से मारने की कोशिश तक का आरोप लगाया था। विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों के बीच महिला थाने में हाथापाई भी हो गई थी। इन आरोपों के आधार पर हिसार के महिला थाने में केस दर्ज किया गया था। मगर, अब तलाक फैसले के साथ ही लंबे समय से चल रहा विवाद भी खत्म हो गया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)