आपक पास तो नहीं कोई ऐसी गाड़ी जिसे बंद करने जा रही सरकार, 14 जिलों में 96 हजार वाहन होंगे स्क्रैप... जानिए वजह
punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 09:40 AM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन कराने के लिए परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। राज्य सरकार की 'परिवर्तन योजना' (वाहन स्क्रैपिंग नीति) के तहत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आने वाले प्रदेश के 14 जिलों से 10 साल पुराने लगभग 96,000 कमर्शियल डीजल वाहनों को सड़कों से हटाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की, जिसमें हरियाणा परिवहन विभाग की त्वरित प्रगति की सराहना की गई। NCR के 14 जिलों में बसों और ट्रकों पर मुख्य फोकससुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार NCR में 10 साल से अधिक पुराने डीजल और 15 साल से अधिक पुराने पेट्रोल वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध है। आंकड़े बताते हैं कि NCR के 14 जिलों में BS-I से लेकर BS-III तक के 81,079 ट्रक और 15,362 बसें (कुल 96,041 वाहन) चिह्नित किए गए हैं।
पुराना वाहन स्क्रैप करने पर मिलेगा बंपर आर्थिक लाभ
परिवर्तन योजना के तहत वाहन मालिकों को पुराना वाहन स्क्रैप कर नया वाहन खरीदने पर सरकार द्वारा प्रोत्साहन दिया जा रहा है:नए वाहन की खरीद पर छूट: पुराना वाहन स्क्रैप कराकर यदि मालिक नया BS-VI (सीएनजी, एलपीजी, या इलेक्ट्रिक) ट्रक या बस खरीदता है, तो उसे आकर्षक सब्सिडी और रोड टैक्स में 10% से 25% तक की छूट का प्रावधान है। परिवहन आयुक्त एवं सचिव अतुल द्विवेदी ने बताया कि डिजिटल रिकॉर्ड्स की मदद से वाहनों के रजिस्ट्रेशन और फिटनेस पर पैनी नजर रखी जा रही है, जिससे पुरानी गाड़ियों की पहचान और उन पर कार्रवाई बेहद आसान हो गई है।