दूसरे लॉकडाऊन के लिए डाक्टर्स और पुलिस की टीम तैयार : अनिल विज

4/15/2020 9:19:17 AM

चंडीगढ़ : हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि दूसरे लॉकडाऊन के लिए प्रदेश में डाक्टर्स, पुलिस और शहरी स्थानीय निकाय विभाग पूरी तरह तैयार है। विज ने कोरोना योद्धाओं के जज्बे को सैल्यूट भी किया। उन्होंने लॉकडाऊन के सख्ती से पालन को लेकर भी स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी। 

पुलिस कर्मचारियों में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं जिसको लेकर विज ने कहा कि कर्मचारियों को पहले से ही अपनी सुरक्षा के लिए बोला गया है। हम योजना बना रहे हैं जिसमे सभी  पुलिस कर्मचारियों के मैडीकल चैकअप करवाए जाएंगे। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पी.एम. नरेंद्र मोदी ने अगले 19 दिनों के लिए लॉकडाऊन को बढ़ाने का ऐलान कर पर सभी का ख्याल रखा है। 

400 जमातियों का टैस्ट बाकी, 104 की रिपोर्ट का इंतजार 
विज ने बताया कि अब तक प्रदेश में कुल 1612 जमाती आए हैं जिसमे से 1203 जमातियों के सैंपल लिए जा चुके हैं। 110 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जबकि 104 की रिपोर्ट आनी बाकी है। विज ने कहा कि बचे हुए जमातियों के भी जल्द सैंपल लिए जाएंगे।

हरियाणा में हालात सामान्य, एक सप्ताह और होगी सख्ती 
विज ने कहा कि लॉकडाऊन के 21 दिनों में हरियाणा की हालात ठीक है और अब प्रधानमंत्री के आदेश अनुसार अगले 1 सप्ताह तक प्रदेश में लॉकडाऊन में सख्ती बढ़ती जाएगी।  विज ने माना कि 20 अप्रैल के बाद हरियाणा में काफी स्थिति ठीक हो जाएगी और कई जिलों में कामकाज शुरू हो सकता है। 

लॉकडाऊन में 12.83 करोड़ की हुई चालान से वसूली 
गृह मंत्री विज ने बताया कि लॉकडाऊन के दौरान अब तक प्रदेश में 2876 मुकद्दमे दर्ज किए गए जिसमें से 7373 हिंसा के थे। इसके अलावा 4073 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 8642 वाहन जब्त किए गए। उन्होंने बताया कि लॉकडाऊन से अब तक 12.83 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला गया है। 

Edited By

Manisha rana