जेल व बेल के खेल को समझकर ही करना वोट: मनोहर लाल (VIDEO)

5/8/2019 9:36:37 PM

गोहाना (सुनील जिंदल): लोकसभा चुनावी प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा व चैटाला पर तंज कसते हुए कहा कि जेल व बेल के खेल को समझकर ही वोट करना है। इस दौरान उन्होंने हरियाणवी अंदाज में कहा कि यह लोग आज कल थारी चौधर लाने की बात करते हैं, लेकिन ये थारी चौधर नहीं बल्कि चेहतों के घर भरना चाहते हैं। इसलिए इनकी चौधर वाली बात को नकारते हुए देश हित में वोट करना होगा। 

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि हुड्डा थारी चौधर लाने की बात कर रहा है, यह केवल जनता को गुमराह करने की साजिश है। इस पर तो पहले ही पांच केस चले हुए हैं और दूसरा पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चैटाला जेल में सजा काट रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकारों में नौकरिया पर्ची व खर्ची पर मिलती थी। भाजपा सरकार ने अब तक 64 हजार नौकरियां दी हैं, किसी से भी एक रुपया नहीं लिया है, यदि किसी ने लिया है तो उसका नाम बताओ एक दिन में उससे पैसे वसूल करेंगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बदलियों के नाम पर बिचैलिए खूब चांदी कूटते थे। मास्टर दो-तीन महीने की तनख्वाह जेब में लेकर चलते थे क्योंकि कभी भी दलालों को पैसे देने पड़ सकते थे। मगर भाजपा ने बदलियों के खेल को खत्म करते हुए आनलाइन कर दिया। पहले सचिवालय की चौथी मंजिल मास्टरों से भरी रहती थी, कोई न कोई तबादले की पर्ची लेकर खड़ा रहता था, लेकिन आज कोई भी सचिवालय नहीं जाता है, क्योंकि उन्हें आनलाइन मनचाहे स्टेशन मिल रहे हैं। 

Naveen Dalal