Gas Cylinder Booking: हरियाणा में बदला घरेलू सिलेंडर बुकिंग टाइम, इन सिलेंडरों पर लगी पाबंदी
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 10:20 AM (IST)
चंडीगढ़ : अमरीका-इसराईल और ईरान में चल रहे युद्ध का असर अब दिखने लगा है। हरियाणा में घरेलू गैस सिलैंडरों की जमाखोरी रोकने के लिए सरकार सक्रिय हो गई है। सूबे में कमर्शियल सिलैंडर देने पर रोक लगा दी गई है। सभी एजैंसियों से स्टॉक बताने को कहा गया है। विभाग स्टॉक की मॉनिटरिंग करेगा। वहीं, केंद्र सरकार की हिदायत अनुसार हरियाणा में भी घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग टाइम में बदलाव कर दिया है जो 21 से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है।
हरियाणा के खाद्य आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने बताया कि केंद्र सरकार ने आदेश दिए हैं कि घरेलू सिलैंडर के उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो और किसी प्रकार की जमाखोरी नहीं की जाए। इसको देखते हुए सूबे में कमर्शियल सिलैंडर देने पर रोक लगा दी गई है। सभी एजैंसियों से कहा गया है कि अपना स्टॉक बताएं। सरकार ने एल. पी. जी. की उपलब्धता को लेकर भी कम्पनियों से डाटा मांगा है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड को एक लैटर लिखा गया है। पत्र में कहा गया कि एल.पी.जी. गैस संबंधित डाटा उपलब्ध करवाया जाए।
3 प्रकार के व्यवसायिक सिलैंडरों की सप्लाई पर रोक
गैस एजेंसी संचालकों की मानें तो अभी 3 प्रकार के व्यवसायिक एल.पी.जी. सिलैंडरों पर रोक लगाई है। इसमें 19 किलोग्राम, 35 किलोग्राम और 47.5 किलोग्राम का सिलैंडर शामिल है। इंडस्ट्रीज के लिए 425 किलोग्राम का सिलैंडर सप्लाई होता है। एजेंसी संचालकों की मानें तो अभी तक इसकी सप्लाई को लेकर कोई दिक्कत नहीं है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)