घर से की कूड़ा उठाने की वसूली तो दर्ज होगी FIR, जाना पड़ सकता है जेल
punjabkesari.in Tuesday, Oct 21, 2025 - 09:33 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): घर से कूड़ा उठाने के लिए अगर आप अभी तक फीस दे रहे हो तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। नगर निगम ने साफ कर दिया है कि घरों से कूड़ा उठाने के लिए आने वाली नगर निगम की गाड़ियों को कोई भी चार्ज देने की जरूरत नहीं है। अगर कोई ऐसा कर रहा है तो वह तुरंत ही चार्ज देना बंद कर दे। इसके बाद भी अगर कोई कूड़ा उठान के लिए चार्ज मांगता है अथवा जबरन लेता है तो उसके खिलाफ न केवल केस दर्ज कराया जाएगा बल्कि चार्ज वसूलने वाले को जेल भी जाना पड़ सकता है। नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने आज पत्रकारवार्ता में यह बात कही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम की तरफ से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की योजना के लिए पहले चार्ज लिया जाता था। यह चार्ज पिछले काफी समय से बंद है। उनके पास शिकायत आई है जिस पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की योजना के लिए नई नीति तैयार की जा रही है। इस नीति के तहत जल्द ही शहर में कूड़ा उठान की योजना लागू हो जाएगी। लोगों ने भी नगर निगम को कुछ सुझाव दिए हैं जिस पर भी कार्य किया जा रहा है।
नगर निगम कमिश्नर ने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने की योजना को अलग-अलग चरण में बांटा गया है। इसके तहत घरों से कूड़ा उठाकर डंपिंग स्टेशन तक पहुंचाने का कार्य अलग एजेंसी का रहेगा। वहीं, डंपिंग स्टेशन पर कूड़े को अलग कर रीसाइकिल करने का कार्य अगल एजेंसी का रहेगा ताकि कूड़े का निस्तारण जल्द हो सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम का सबसे अधिक जोर ब्लक वेस्ट जनरेटर की तरफ है। गुड़गांव में रोजाना 1200 टन कूड़ा निकलता है। इसका 50 प्रतिशत कूड़ा ब्लक वेस्ट जनरेट का है। यह बल्क वेस्ट जनरेटर बड़ी इंडस्ट्री व सोसाइटी हैं जिन्हें अपने ही स्तर पर कूड़े का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, उन्होंने रेजिडेंशियल सोसाइटी में फ्लेक्सिबल टाइमिंग के आधार पर भी कूड़ा उठान करने को योजना में शामिल किया है।
निगम कमिश्नर ने बताया कि गुड़गांव नगर निगम के अंतर्गत करीब 7 लाख प्रॉपर्टी आइडी हैं। इसमें से करीब 1 लाख 10 हजार प्रॉपर्टी पर खाली प्लॉट हैं। ऐसे में उनके पास एक डाटा है कि 5 लाख 90 हजार प्रॉपर्टी से कूड़ा जनरेट हो रहा है। इसके निस्तारण के लिए बनाई गई योजना को अब सिरे चढ़ाया जा रहा है। वर्तमान में गुड़गांव में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए 800 वाहनों की जरूरत है, लेकिन वर्तमान में करीब 300 वाहन की कूड़े का उठान कर पा रहे हैं। जिस ठेकेदार को टेंडर दिया गया था उसे 400 से अधिक गाड़ियां लगाने के लिए कहा गया था, लेकिन शॉर्ट टर्म कांट्रेक्ट होने के कारण कोई भी कांट्रेक्टर इसमें अधिक राशि का निवेश नहीं कर रहा है। यही कारण है कि एक विस्तृत योजना बनाकर डोर-टू-डोर कूड़ा उठान और निस्तारण की योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है और जल्द ही इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। जब घरों से ही कूड़ा उठने लग जाएगा तो अस्थाई तौर पर बनाए गए डंपिंग स्टेशन को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। इससे शहर भी सुंदर हो जाएगा।