दूरदर्शन रिले केंद्र की स्थानीय प्रसारण  सेवाएं होंगी  बंद

9/28/2021 9:41:34 AM

रेवाड़ी: जिले का दूरदर्शन रिले केंद्र की स्थानीय प्रसारण सेवाएं बंद होने की जानकारी सामने आ रही हैं। इसके साथ ही करीब 27 साल पुरानी दूरदर्शन प्रसारण सेवाएं बंद होने से लोगों को स्थानीय समाचार एवं अन्य प्रोग्राम देखने को नहीं मिलेंगे। बताया जा रहा है कि दूरदर्शन रिले केंद्र रेवाड़ी का प्रसारण 31 अक्टूबर रात 12 बजे के बाद बंद हो जाएगा।

दूरदर्शन अनुरक्षण केंद्र हिसार के अधीन रेवाड़ी दूरदर्शन रिले केंद्र का करीब 15 से 20 किलोमीटर दूर तक प्रसारण हो रहा है। बताया जा रहा है कि रिले केंद्र पर चार सदस्यीय स्टॉफ कार्यरत हैं। इनमें वरिष्ठ इंजीनियरिंग सहायक, वरिष्ठ तकनीशियन, तकनीशियन और सहायक पद पर कार्यक्रम स्टॉफ सदस्य को अन्य केंद्रों पर स्थानांतरित किया जाएगा। मालूम हो कि 23 जुलाई 1994 को कृष्णा नगर स्थित लघु शक्ति दूरदर्शन रिले केंद्र का उद्घाटन तत्कालीन केंद्रीय राज्यमंत्री कर्नल राव रामसिंह ने किया था।

इस पर रेवाड़ी के प्रमुख समाचार, कृषि संबंधित जानकारी व परिचर्चा, स्थानीय साहित्यकार, लोकगीत जैसे प्रोग्राम प्रसारित होते थे। विशेषज्ञ बताते हैं कि रेवाड़ी जिले के रिले केंद्र के साथ ही देशभर के करीब डेढ़ सौ रिले प्रसारण बंद होने जा रहे हैं। रिले केंद्र के वरिष्ठ इंजीनियरिंग सहायक सोहनलाल के अनुसार प्रसार भारती महानिदेशालय नई दिल्ली की ओर से आदेश जारी कर यह जानकारी दी गई है। इसके तहत स्थानीय सेवा के तहत प्रसारित किए जा रहे प्रोग्राम प्रसारित नहीं होंगे।  

Content Writer

Isha