दहेज लोभियों ने गर्भवती बहू की गला रेतकर की हत्या (VIDEO)

8/24/2018 8:20:32 PM

मेवात(एके बघेल): नूंह जिले के तावडू थाना क्षेत्र अंतर्गत पढ़ेनी गांव में दहेज लोभी ससुराल पक्ष के लोगों ने आठ माह की गर्भवती बहू की निर्मम तरीके से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर ससुराल पक्ष के आधा दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी नूंह से पोस्टमार्टम कराकर पुलिस के हवाले कर दिया है।



जानकारी के अनुसार, भागमल निवासी लोहागढ़ पलवल ने पुलिस को दी गई शिकायत में कहा कि उसने अपनी लड़की आरती की शादी करीब 10 साल पहले हिन्दू रीतिरिवाज अनुसार रजपाल पुत्र जस्सू से की थी। उन्होंने अपनी हैसियत के हिसाब से दहेज दिया था। दहेज से पढ़ेनी गांव के लोग खुश नहीं थे। आरती की एक 7 वर्षीय बेटी भी है। ससुराल पक्ष के लोग आरती को तंग करते थे और कई बार मारने की कोशिश भी की। पंचायत के माध्यम से आरती को उसके ससुराल पढ़ेनी भेजा गया।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गत 23 अगस्त को आरती को उसका पति रजपाल जंगल ले गया और हाथ पैर बांधकर तेजधार हथियार से उसका बेरहमी से गला रेत दिया। आठ माह की गर्भवती आरती इस दर्द को बर्दाश्त नहीं कर सकी और दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। कातिल पति को पत्नी ही नहीं गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान की भी परवाह नहीं रही। आरोपी घटना के बाद फरार है।



वहीं तावडू पुलिस ने पति रजपाल सहित उसके परिवार के 6 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी पति को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा , साथ ही इस मामले में जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जायेगा।

Shivam