दहेज हत्या की बली चढ़ी नव विवाहिता, जहर खिलाकर मारने का लगा आरोप (Pics)

4/14/2017 6:06:20 PM

भिवानी (अशोक भारद्वाज):भिवानी में एक बार फिर नव-विवाहिता दहेज हत्या की बली चढ़ी गई। बताया जा रहा है गांव मानहेरू निवासी शीलगंगे ने अपनी 21 वर्षीय बेटी मनीषा की शादी बड़े ही चाव से 2 साल पहले 10 फरवरी 2015 को खरक कलां गांव निवासी शशीकांत के साथ की थी। शशीकांत का असम में चाय का बाग है। शुरुआत में अपनी बेटी की बड़े घर में शादी कर शीलगंगे परिवार सहित निश्चित हो गया, लेकिन कुछ महीने बाद ही शीलगंगे के परिवार में भूचाल आ गया, तब उसकी बेटी के ससुराल वालों ने दहेज मांगना शुरू कर दिया।

मृतका मनीषा के पिता शीलगंगे का कहना है कि दहेज की मांग को लेकर मनीषा को ससुराल वाले रोज तंग करते थे। दो बार पंचायत होने के बाद भी कल ससुरालवालों ने उसे जहर देखर मार डाला। उन्होंने बताया कि मनीषा के ससुराल वाले 5 लाख रुपए और एक डिजायर गाड़ी की मांग कर रहे थे। पिता के मुताबिक मनीषा को मारने में उसके पति व 4 अन्य लोगों का हाथ है।

चौकी प्रभारी एस.आई. ख्यालीराम ने बताया कि मनीषा के पिता की शिकायत पर पति, सास, ससुर, ननद व जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि फिलहार किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।