कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे दुष्यंत चौटाला खेमे के सेनापति डॉ. केसी बांगड़

12/2/2018 3:36:28 PM

पंचकूला(उमंग): दुष्यंत चौटाला खेमे के सेनापति डॉ. केसी बांगड़ आज पंचकूला में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच कर उत्साह बढ़ाया। केसी बांगड़ ने भारत पाक के विभाजन का हवाला देते हुए कहा कि हमें भी अब इस परिवार के राजनैतिक विभाजन के बाद खुद को स्थापित करना है। इसके लिए एक एक कार्यकर्ता को जी जान से मेहनत करनी होगी। साथ ही उन्होंने दुष्यंत चौटाला के हाथ मजबूत करने का आह्वान किया।



उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि किसी भी तरह की व्यक्तिगत टिप्पणी से परहेज करें। नगर निगम चुनावों में अपने समर्थकों के उतारने के सवाल पर कहा कि अभी तो हम नई पार्टी की घोषणा 9 दिसंबर की जींद रैली से करने वाले हैं, जिसका चुनाव चिन्ह मिलने में 2 महीने लग जाएंगे, ऐसे में हम ये चुनाव नहीं लड़ सकते। उन्होंने बताया कि वे जींद के पांडु पिंडारा में समस्त हरियाणा सम्मेलन के लिए 9 दिसंबर के आयोजन के पूर्व समस्त तैयारियों का जायजा ले चुके हैं।

उन्होंने कहा कि सेवा से ही सत्ता में पहुंचा जा सकता है और सत्ता प्राप्ति के बाद सेवा करना ही कर्तव्य है। वहीं उन्होंने कहा कि नैना चौटाला की पहल पर महिलाओं को महिला पंचायत के माध्यम से राजनीति के मंच पर लाने का ऐतिहासिक काम हुआ है जो महिला सशक्तिकरण का उदाहरण है।

Shivam