मानसून सत्र के लिए ड्रा: विधान सभा अध्यक्ष की प्रश्नकाल को निष्पक्ष, पारदर्शी बनाने की मुहिम

8/13/2021 9:01:30 PM

चंडीगढ़ (धरणी): विधान सभा के 20 अगस्त से शुरू हो रहे मानसून सत्र के लिए प्रश्नकाल में प्रश्नों का चयन निष्पक्ष और पारदर्शी करने के लिए विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता द्वारा शुरू की गई व्यवस्था के तहत शुक्रवार को मानसून सत्र के पहले तीन दिनों के लिए ड्रा निकाले गए। इस दौरान तारांकित प्रश्नों के लिए 60 विधायकों के नामों की पर्चियां निकाली गईं। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, उपाध्यक्ष रणबीर सिंह गंगवा, कांग्रेस विधायक वरुण चौधरी, विधान सभा सचिव राजेंद्र नांदल तथा विधान सभा के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

मानसून सत्र के लिए विधान सभा सचिवालय को 47 विधायकों की ओर से 238 तारांकित और 120 अतारांकित प्रश्नों के नोटिस प्राप्त हुए हैं। विधान सभा की परंपरा के अनुसार सत्र के दौरान दिन का पहला घंटा प्रश्नकाल के लिए रहता है। इस दौरान विधायक सदन में अपने प्रश्नों को रखते हैं और सरकार की ओर से संबंधित मंत्री उसका जवाब देते हैं। विधान सभा के वर्तमान अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता इस प्रश्नकाल की प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रयासरत हैं। इसके लिए उन्होंने ड्रा से प्रश्नों का चयन करने की परंपरा शुरू की है। इससे पूर्व विधान सभा अध्यक्षों पर सत्ता पक्ष के विधायकों के ज्यादा प्रश्न शामिल करने के आरोप लगते रहे हैं। नई व्यवस्था में सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायकों की उपस्थिति में ड्रा निकाला जाता है।

सरकार पेश करेगी 4 विधेयक
विधान सभा सचिवालय को सरकार की ओर से अभी तक 4 विधेयक पेश करने के नोटिस प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही 2 प्राइवेट मेंबर बिल और 9 ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के नोटिस भी आए हैं। सरकार की ओर से जो विधेयक पेश किए जाने हैं इनमें से पहला शहरी स्थानीय निकाय विभाग से संबंधित है, जिसे संबंधित मंत्री पेश करेंगे। इसके साथ ही महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय से संबंधित विधेयक भी पेश किया जाना है। हरियाणा लोकायुक्त विधेयक में संशोधन के लिए नोटिस प्राप्त हुआ है। हरियाणा उद्यम प्रोन्नति संशोधन विधेयक 2021 भी मानसून सत्र का हिस्सा बन सकता है। वहीं विधायक राकेश दौलताबाद और आफताब अहमद की ओर से प्राइवेट मेंबर बिल पेश करने संबंधित नोटिस प्राप्त हुए हैं।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam