पेयजल समस्या को लेकर महिलाओं ने लगाया जाम

7/3/2019 11:43:26 AM

फरीदाबाद (सुधीर राघव): शहर में पिछले दो माह से  पानी आपूर्ति की कमी से जूझ रही गांधी कॉलोनी की महिलाओं ने मंगलवार को गांधी कॉलोनी मार्ग पर जाम लगा दिया। महिलाएं पानी आपूर्ति सुनिश्चित होने के बाद ही रास्ता खोलने पर अड़ गईं। मजबूरी में पुलिस ने मार्ग बदल कर वाहनों को रवाना किया। करीब दो घंटे बाद अधिकारियों के समझाने बुझाने पर महिलाओं ने जाम खोला।  बडख़ल विधायक सीमा त्रिखा के आवास से समीप गांधी कालोनी स्थित है। जहां पिछले दो माह से पानी आपूर्ति की समस्या है।

दरअसल इस कॉलोनी में स्थानीय स्तर पर बोर किए गए तीन ट्यूबवेल से पानी आपूर्ति की जाती है। प्रदर्शन कर रहीं सरला देवी ने बताया कि भूजल स्तर नीचे गिरने के कारण यह तीनों ट्यूबवेल अब लगभग बेकार हो चुके हैं। दो ट्यूबवेल तो मोटर खराबी या अन्य तकनीकी खराबी के कारण अर्से से बंद पड़े हैं। ममता का कहना था कि नगर निगम प्रशासन टैंकर से पानी आपूर्ति करवाता है जो अपर्याप्त होता है, मजबूरी में पानी खरीदना पड़ रहा है। पानी खरीदने के लिए प्रतिमाह सभी परिवारों को मोटी रकम खर्च करनी पड़ती है। रजनी का कहना था कि नगर निगम में जल कर चुकाने के बावजूद पानी खरीदना पड़ता है, यह अधिकतर परिवारों के लिए आर्थिक बोझ है। प्रदर्शनकारियों के समर्थन में आम आदमी पार्टी नेता धर्मबीर भड़ाना भी मौके पर पहुंच गए। महिलाओं ने उनसे पानी की आपूर्ति कराने की मांग की। 

Isha