हरियाणा में नशीले पदार्थों को आग के हवाले कर किया नष्ट, IG ने युवाओं से की खास अपील
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 04:23 PM (IST)
अंबाला (अमन):अंबाला पुलिस रेंज ने नशे के सौदागरों के खिलाफ धरपकड़ तेज कर रखी है। पिछले 6 महीनों के दौरान अलग-अलग ऑपरेशन्स में पकड़ी गई भारी मात्रा में नशे की खेप को आज नष्ट किया गया। इस मौके पर आईजी पंकज नैन समेत रेंज के सभी जिलों के कप्तान मौजूद रहे। अंबाला पुलिस रेंज के आईजी पंकज नैन की अध्यक्षता में ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने 309 मामलों में जब्त की गई नशीली वस्तुओं को नष्ट किया।
अंबाला पुलिस ने आज कुल 309 मामलों से संबंधित नशीले पदार्थों को आग के हवाले कर नष्ट किया। इस अवसर पर आईजी पंकज नैन ने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य न केवल नशे की सप्लाई को रोकना है, बल्कि नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ना भी है। पुलिस ने नशा तस्करों द्वारा अवैध कमाई से खड़ी की गई संपत्तियों को भी जब्त और ध्वस्त करने की कार्रवाई तेज कर दी है।
आईजी ने युवाओं से अपील की है कि वे नशे की दलदल से दूर रहकर अपने भविष्य और हरियाणा के गौरव की ओर ध्यान दें। नशा एक ऐसी चीज है जिसे कंज्यूम करने का कोई फायदा नहीं है। इसका समाज और आपके स्वास्थ्य पर केवल नकारात्मक प्रभाव ही पड़ता है। हरियाणा वीरों और खेलों की भूमि रही है, हमें अपने बुजुर्गों से शिक्षा लेकर प्रदेश का नाम रोशन करना चाहिए।