स्क्रैप के नीचे छिपा था 3 करोड़ का नशा ! कैथल पुलिस ने बीच रास्ते कर दिया खेल खत्म, पंजाब के 6 तस्कर दबोचे

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 02:20 PM (IST)

कैथल (जयपाल रसूलपुर) : कैथल जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए दिल्ली-कटरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (SDU) ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक और उसकी एस्कॉर्ट कर रही क्रेटा कार से 95 कट्टों में 1928.100 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया।

बता दें कि बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने मौके से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना कलायत में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

DSP सुशील प्रकाश ने बताया कि एसडीयू प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में एएसआई तरसेम सिंह की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब के तस्कर दिल्ली की ओर से ट्रक में स्क्रैप के नीचे डोडा पोस्त छिपाकर ले जा रहे हैं और आगे-आगे एक क्रेटा कार एस्कॉर्ट कर रही है। सूचना मिलते ही गांव सिणद के पास हाईवे पर नाकाबंदी कर दी गई।

पुलिस ने जैसे ही क्रेटा कार को रुकने का इशारा किया, चालक ने वाहन मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन ट्रैफिक के कारण सफल नहीं हो सका। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को घेर लिया। तलाशी में क्रेटा कार की डिग्गी से 5 कट्टों में 101 किलोग्राम डोडा पोस्त मिला, जबकि ट्रक के केबिन के पीछे बनाए गए गुप्त हिस्से से 90 कट्टों में 1827.100 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुमार, करनैल सिंह, नरेश उर्फ नेशी, सुखविंद्र सिंह उर्फ बिंदु, हरविंद्र सिंह और गुरजैंट के रूप में हुई है। सभी आरोपी पंजाब के पटियाला जिले के रहने वाले हैं। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि डोडा पोस्त मध्यप्रदेश से खरीदकर पंजाब में सप्लाई किया जाना था।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने कहा कि वर्ष 2026 में अब तक 111 मामलों में 169 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस 2488 किलोग्राम डोडा पोस्त समेत बड़ी मात्रा में अफीम, चरस, गांजा और हेरोइन बरामद कर चुकी है। उन्होंने कहा कि "किसी भी नशा तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करों की असली जगह जेल है। 

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)         


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

static