हरियाणा पुलिस में DSP अंतर्राष्ट्रीय स्तर के 12 खिलाड़ी पहुंचे हाईकोर्ट

2/8/2018 1:22:34 PM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): ओलिम्पिक, एशियन गेम्स व अंतर्राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में पदक जीत पद्मश्री, अर्जुन अवार्ड जैसे राष्ट्रीय सम्मान हासिल करने वाले हरियाणा के 12 खिलाडिय़ों ने हरियाणा सरकार व डी.जी.पी. को पार्टी बना हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। हरियाणा पुलिस में डी.एस.पी. के पद पर तैनात इन खिलाडिय़ों ने हरियाणा पुलिस सर्विस रुल्स, 2002 के नियम 12 को उस हद तक रद्द किए जाने की मांग की है, जिसमें सीधे भर्ती हुए व्यक्तियों की डी.एस.पी. पोस्ट पर वरिष्ठता उनकी पुष्टि के समय से मानी जाती है, बजाय उनकी नियुक्ति के समय से। 

वहीं, सर्विस रुल्स के नियम 10 को भी रद्द करने की मांग की गई है, जिसमें कर्मी की सर्विस में उसकी पुष्टि उसके प्रोबेशन अवधि को पूरा करने व खाली स्थायी पदों की उपलब्धता के आधार पर रखा गया है। इसे गैर-कानूनी और संविधान के अनुच्छेद 14 व 16 की उल्लंघना बताया गया है। इसके अलावा डी.एस.पी. पदों पर सीधे भर्ती होने वाले व्यक्तियों की पुष्टि उनके 2 वर्ष पूरे करने पर की जाए या अधिकतम प्रोबेशन के 3 वर्ष पूरे करने की मांग की गई है। 


याचिका के लंबित रहने तक हरियाणा में डी.एस.पी. कैडर की वरिष्ठता उनकी सेवाओं की पुष्टि होने के तहत करने पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा केस से जुड़ा रिकॉर्ड भी मंगवाया जाए। हाईकोर्ट की डिवीजन बैंच ने मामले में सरकार व डी.जी.पी. को 18 अप्रैल के लिए नोटिस जारी किया है। याची पक्ष की ओर से अधिवक्ता विकास कथूरिया ने पैरवी की।
 

अभी भी खेल रहे, पर सर्विस की पुष्टि नहीं
सोनीपत की ममता खर्ब, रोहतक के जोगिंद्र शर्मा, हिसार की गीता जाखड़, सिरसा के सरदार सिंह, नई दिल्ली के विजेंद्र सिंह, रोहतक के अखिल कुमार, सोनीपत के योगेश्वर दत्त, रमेश कुमार, भिवानी के जितेंद्र कुमार, अम्बाला के संदीप सिंह, सुरिंद्र कौर समेत कैथल की ममता सौदा ने हरियाणा सरकार व डी.जी.पी. को पार्टी बनाते हुए यह याचिका दायर की है। याचियों की नियुक्ति स्पोट्स कोटा के तहत खेलों में उत्कर्ष प्रदर्शन के चलते हुई थी। हर याची अंतर्राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी हैं जिसने ओलिम्पिक खेलों, कॉमनवेल्थ खेलों, एशियन गेम्स व वर्ल्ड चैम्पियनशिप में देश के लिए सम्मान हासिल किया है। याचियों ने कहा है कि नियुक्ति के बावजूद उनकी सर्विस की पुष्टि नहीं हुई है जबकि उन्हें सर्विस करते 10 वर्ष के लगभग हो चुके हैं।