गृह मंत्री विज की राह पर चल रहे कैथल के डीएसपी, आधी रात आम नागरिक बनकर लिया थानों का जायजा

12/13/2022 6:43:13 PM

कैथल(जयपाल): प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज के रास्ते पर चलते हुए कैथल के डीएसपी अनिल कुमार भी आधी रात को आम नागरिक बनकर थानों का जायजा लेने पहुंचे। पुलिस चौकी व थानों में जाकर डीएसपी आम जनता के प्रति पुलिस के व्यवहार का जायजा लेने पहुंचे। अनिल कुमार बिना वर्दी के करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर थाने पहुंचे और पुलिस कर्मचारियों की परीक्षा ली।

 

डीएसपी अनिल कुमार का कहना है कि हर पुलिसकर्मी को सेवा, सुरक्षा व सहयोग के नारे पर खरा उतरना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का बर्ताव आम जनता के प्रति सौहार्दपूर्ण होना चाहिए और आम जन की पीड़ा का निदान करने के लिए पुरजोर प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि वे गृह मंत्री विज से प्रेरणा लेकर उसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। डीएसपी ने कहा कि आम जनता की ज्यादा से ज्यादा शिकायतों का निवारण करना पुलिस कर्मियों का दायित्व है। इसी दायित्व को निभाने के लिए वे अपने अधीन पुलिस कर्मचारियों को आम जनता के प्रति नरम रवैया रखने और उनकी समस्याओं का तुरंत निदान करने के लिए समय-समय पर प्रेरित करते रहते हैं।

 

खास बात यह है कि आम जनता के प्रति पुलिस कर्मियों के बर्ताव का जायजा लेने के लिए डीएसपी आधी रात को बाहर निकले और बिना किसी गाड़ी के सिविल ड्रेस में पुलिस से मदद मांगने गए थे। यहां उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल गुम होने की शिकायत दर्ज करवाकर पुलिस से मदद मांगी। डीएसपी के द्वारा ली गई इस परीक्षा में पुलिस कर्मचारी पास हो गए और उनका बर्ताव और बोलचाल का तरीका देख डीएसपी भी गदगद हो गए। डीएसपी ने पुलिस कर्मचारियों को इनाम देने की बात भी कही।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)       

 

Content Writer

Gourav Chouhan