छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज करवाने पर DSP ने महिला कांस्टेबल को घर जाकर दी धमकी

11/24/2019 12:34:39 PM

रोहतक(दीपक): हरियाणा में अक्सर लड़कियां और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की शिकायतों की खबरें आती है, लेकिन हैरान करने वाली बात है कि अब पुलिस थाना में महिला कर्मी अपने आप को इससे नहीं बचा पा रही। ऐसा ही एक मामला रोहतक में सामने आया। हरियाणा पुलिस के डीएसपी पद पर कार्यरत अधिकारी ने एक महिला कांस्टेबल के साथ छेड़छाड़ ही नहीं की, बल्कि पुलिस वर्दी और पद के नशे में डीएसपी महिला कर्मी के घर पर शराब के नशे में धमकी देने पहुंच गए। 

महिला कांस्टेबल ने इसकी शिकायत थाने में दी। जिसके बाद रोहतक पुलिस ने डीएसपी विजिलेंस नरेंद्र सिवाच को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन मीडिया से बचने के लिए देर रात ही उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।जानकारी के मुताबिक करीब छ माह पहले हरियाणा राज्य चौकसी ब्यूरो रोहतक(विजिलेंस) में डीएसपी पद पर तैनात नरेंद्र सिवाच ने वहीं कार्यरत एक महिला कांस्टेबल के साथ अश्लील हरकतें की। 

डीएसपी कई बार महिला कांस्टेल बो बुरी नियत से उसे तंग करता और अपने ऑफिस में बिठाए रखता। डीएसपी की गलत हरकतों से तंग आ कर महिला कांस्टेबल ने अर्बन पुलिस थाने में छेड़छाड़ की शिकायत दी। उसके बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वह बेल पर बाहर आया हुआ था और पंचकूला हेडक्वार्टर में इसी शिकायत पर ट्रांसफर किया हुआ था। 

कल डीएसपी नरेंद्र सिवाच नशे की हालत में महिला कांस्टेबल के घर पहुंच गया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगा। महिला कांस्टेबल ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। उसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आरोपी डीएसपी नरेंद्र सिवाच को गिरफ्तार कर लिया। मीडिया से बचने के लिए रात को ही कोर्ट में पेश कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

Edited By

vinod kumar