परिवार पहचान पत्र के कारण व्यक्ति का निजी डाटा कभी भी हैकर कर सकेंगे चोरी: किरण चौधरी

8/20/2021 6:20:24 PM

चंडीगढ़ (धरणी): विधानसभा सत्र के दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं विधायक किरण चौधरी अपने मुद्दों को आंकड़ों के साथ पेश करती रही हैं और उनके मुद्दे दूसरे सदस्यों से कुछ जुदा होते हैं। उन्होंने काफी बार कुछ अलग तरह के मुद्दे पेश किए हैं। इस बार उन्होंने परिवार पहचान पत्र पर सवाल खड़े किए हैं। उनके अनुसार परिवार पहचान पत्र के कारण हर व्यक्ति का डाटा लीकेज होने का खतरा हमेशा बना रहेगा। कोई साधारण हैकर भी किसी के भी व्यक्तिगत डाटा की चोरी कर सकेगा। गलत इस्तेमाल कर सकेगा। 

किरण चौधरी ने सरकार के अंत्योदय योजना पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने बातचीत के दौरान बताया कि हाल ही में हुए पेपर लीक मामले में कल ही सीबीआई से जांच की मांग की थी क्योंकि सीबीआई जांच के बाद ही असली कर्म धारकों का पता चल पाएगा। इस सरकार में बड़े-बड़े स्कैम्स हुए। लेकिन सभी पर पर्दा डाल दिया गया। केवल पेपर लीक होना ही एक सवाल नहीं है। इस घटना के बाद बेरोजगार युवाओं को बड़ी प्रस्तावना का सामना करना पड़ा है जो युवा मेहनत कर रहे थे, आस लगाए बैठे थे। लंबे समय तक उन्होंने तैयारी की। पैसा खर्च हुआ और अंत में पेपर लीक होने के कारण भर्ती रद्द कर दी गई। इस सरकार के 7 साल के कार्यकाल के दौरान अनगिनत पेपर लीक हो चुके हैं। इनकी यह कैसी व्यवस्था है।

किरण चौधरी ने कहा कि नकल रोकने के लिए आज सख्त कानून की बात हो रही है। एचएसएससी ने सरकार को इसके लिए लिखा है। लेकिन पिछले 7 साल से क्या वह सो रहे थे ? आयोग में यह जो कुछ हुआ सभी जानते हैं। उनके चेयरमैन पर भी आरोप लगे। अब खाना पूर्ति के लिए बिल की बात हो रही है। यह बातें केवल असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश है। इस मामले की सीबीआई जांच होने के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

किरण चौधरी ने बताया कि उन्होंने पर देश के ज्वलंत मुद्दों पर 20 प्रशन लगाए हैं। वह क्षेत्र की समस्या को लेकर प्रश्न नहीं लगाती। बल्कि प्रदेश स्तर के प्रशन लगाती हैं। इसके साथ-साथ अहम मुद्दों पर 9 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी दिए हैं। किरण चौधरी ने कहा कि 8 महीने बीत जाने के बावजूद आज किसान आंदोलनरत है। सरकार उनसे बातचीत को तो तैयार नहीं है साथ ही किसानों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर प्रताडि़त करने का काम भी किया जा रहा है। लेकिन एक जिम्मेदार विपक्ष होने के नाते हम हर गलत नीतियों और कामों पर सवाल खड़े करते रहे हैं। हालांकि हमारे पास पर्याप्त नंबर नहीं है। यह हमारा और प्रदेश का दुर्भाग्य है कि आज प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी सत्ता में है। यह बहुत शर्म की बात है कि किसान को बर्बाद करने वाले बिलों पर भाजपा धन्यवाद प्रस्ताव लेकर आई और केंद्र को भेजा। इन कानूनों के बाद किसानों की खेती, जमीन, बागवानी लुटने वाली है। जोकि कांग्रेस पार्टी होने नहीं देगी।

किरण चौधरी ने कहा कि क्या वह आंदोलन में बैठे किसान बेवकूफ हैं? उन्हें अपनी रोजी-रोटी और भले- बुरे का ज्ञान नहीं है। हम विपक्षी पार्टी होने के नाते अपना दायित्व निभाएंगे। गलत नीति को सदन पटल पर लेकर आएंगे और उन मुद्दों को उठाएंगे। विपक्ष जनता का पहरेदार होता है और यह तो मुद्दा केवल किसानों का मुद्दा नहीं है। यह हर आमजन का मुद्दा है। अगर किसान बर्बाद होता है, तो मजदूर बर्बाद होता है। मजदूर बर्बाद होगा तो व्यापारी बर्बाद होगा और व्यापारी के साथ-साथ सभी को नुकसान का सामना करना ही पड़ेगा। 

किरण चौधरी ने कहा कि महंगाई को लेकर वह काल अटेंशन भी ला रही है। आज सिलेंडर जो उनकी सरकार के दौरान 400 के आसपास था, आज 900 तक पहुंच गया है। हाल ही में सरकार ने 25 रुपए बढ़ाए हैं। अगर ऐसा ही चलता रहा तो एक ग्रहणी किस तरह से घर चला पाएगी ? डीजल पेट्रोल पर जबरदस्त वैट लगाकर जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है। पड़ोसी राज्य में 14 फीसदी वैट है। वहां हमारे प्रदेश से डीजल काफी सस्ता है। पहली बार ऐसा देखा है कि सरकार मुनाफा कमाने में लगी हुई है। इन्होंने अर्थव्यवस्था चौपट कर दी है। कोरोना की वजह से बड़ी बेरोजगारी ने लोगों को रुला दिया है। लेकिन यह सरकार झूठे जुमले दे रही है। आज प्रदेश के सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में स्थान रिक्त पड़े हुए हैं। लेकिन यह सरकार खर्ची और पर्ची के इस्तेमाल के रास्ते बनाए हुए हैं।

Content Writer

Shivam