धान के कम भाव मिलने से मंडी में फसल की आवक हुई कम

11/10/2019 9:18:25 PM

गोहाना(सुनील जिंदल): गोहाना की अनाज मंडी में पिछले साल की अपेक्षा धान की फसल का भाव कम मिलने के चलते अब किसानों ने फसल को घरों में स्टोर करना शुरू कर दिया है। जिसके चलते अब मंडी में धान की फसल की आवक कम हो गई है। मंडी में आवक कम होने से मार्किट कमेटी फीस के साथ-साथ आढ़तियों व मंडी में काम करने वाले मजदूरों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। दुकानदारों की माने तो पिछले साल की अपेक्षा अबकी बार अभी तक 70 प्रतिशत तक धान की आवक में कमी आई है।

प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद किसानों को एक उम्मीद जगी थी कि अबकी बार उनकी फसल के अच्छे भाव मिलेंगे, लेकिन किसानों की इस उम्मीद पर पानी फिरता हुआ नजर आ रहा है। गोहाना की अनाज मंडी में पिछले कई दिनों में धान के भाव में लगातार गिरावट जारी है, जिसके चलते पिछले साल की अपेक्षा अबकी बार एक हजार रुपए तक फसल के कम भाव मिल रहे हैं।



कम भाव मिलने से फसल मंडी में लाने की बजाय किसान अपने घरों में ही फसल का भंडारण करने लगे हैं। जिसके चलते मंडी में पिछले एक सप्ताह से आवक बहुत कम हो गई है। मंडी में काम करने वाले आढ़तियों की माने तो इस समय मंडी में पैर रखने की जगह नहीं होती थी। सड़कों पर घंटों जाम लगा रहता था लेकिन अबकी बार मंडी खाली पड़ी हुई है। 

फसल की कम आवक से दुकानदारों के साथ मंडी में काम करने वाले मजदूरों को भी नुकसान हो रहा है। मार्किट कमेटी की फीस में घाटा होगा। अगर मंडी में अबकी बार फसल कम आएगी तो इसका नुकसान सभी को होगा। मंडी में फसल कम आने का सबसे बड़ा कारण किसानों को फसल का कम भाव मिलना है।

Shivam