बच्चा चोर गिरोह के संदेह के चलते कालोनी वासियों ने 2 बहरूपियों को किया काबू

8/6/2019 11:14:52 AM

रतिया (झंडई): शहर में पिछले कई दिनों से बच्चा चोरी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की फैल रही अफवाहों के चलते सोमवार सुबह शहर की मुख्य नहर कालोनी में बच्चों के चोरी के संदेह में बहरूपिया के रूप में 2 युवाओं को कालोनीवासियों ने काबू कर लिया और छित्तर-परेड करते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। कालोनीवासियों द्वारा काबू किए गए दोनों बहरूपियों की पहचान मध्यप्रदेश के सदलपुर निवासी प्रेम नाथ व कालू नाथ के रूप में की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उपरोक्त दोनों बहरूपियों ने नहर कालोनी में स्थित सुखविन्द्र सिंह का दरवाजा खटखटाना शुरू कर दिया तो इस दौरान उपरोक्त घर की महिला घर से बाहर निकली तो उक्त युवकों ने महिला से जब घर में अन्य सदस्यों के बारे में पूछा तो परिवार के लोगों को संदेह हो गया। इस संदेह के चलते परिवार की महिलाओं ने इसकी सूचना फोन द्वारा घर के मुखिया सुखविन्द्र को दे दी। बताया जाता है कि जैसे ही सुखविन्द्र घर पहुंचा तो इससे पहले ही उपरोक्त दोनों बहरूपिया युवक वहां से फरार हो गए थे।


फरार होने के पश्चात परिवार के मुखिया के अलावा कालोनीवासियों में और भी अधिक संदेह पैदा हो गया कि उक्त दोनों बहरूपिया बच्चा चोर गिरोह के ही सदस्य हैं और बच्चों को चुराने की दृष्टि से ही कालोनी में आए हैं। उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए उपरोक्त बहरूपियों का पीछा शुरू कर दिया और पास लगती अन्य कालोनी में ही उन दोनों को काबू कर लिया। काबू किए गए दोनों बहरूपियों की काफी छित्तर-परेड की गई और बाद में पुलिस को भी सूचित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में ही ले लिया। बताया जाता है कि जब उपरोक्त दोनों युवकों के पकड़े जाने की सूचना पूरे शहर में फैली तो इन युवकों को देखने वालों का तांता कालोनी व शहर थाना में लग गया। 

इस संदर्भ में जब शहर थाना के कार्यवाहक थाना प्रभारी ओमप्रकाश से बात की तो उन्होंने बताया कि उन द्वारा दिए गए आधार कार्ड पर ही जांच की जा रही है और जांच के पश्चात ही तथ्य सामने आएंगे। उन्होंने बताया कि अगर इस संदर्भ में कालोनीवासी शिकायत देंगे तो कार्रवाई भी की जाएगी।

Isha