दीपेंद्र व दुष्यंत की टक्कर के प्रत्याशियों का चयन भाजपा के लिए बनी चुनौती

4/10/2019 12:23:39 PM

चंडीगढ़ (बंसल): रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा और हिसार से जजपा नेता एवं सांसद दुष्यंत चौटाला की टक्कर के प्रत्याशियों का चयन भाजपा के लिए चुनौती बना हुआ है। भाजपा ने 8 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए थे लेकिन इन 2 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की, क्योंकि भाजपा हाईकमान के पास रिपोर्ट थी कि उन्हें टक्कर देने के लिए कोई मजबूत प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में उतारना पड़ेगा। 

भाजपा ने पैरा ओलिम्पिक विजेता खिलाड़ी दीपा मलिक को भाजपा में शामिल किया है और माना जा रहा है कि दीपेंद्र के मुकाबले उन्हें उतारने की योजना है। इसी तरह हिसार से इनैलो विधायक रहे रणबीर सिंह गंगवा को भाजपा में शामिल करवाया गया और माना जा रहा है कि दुष्यंत के मुकाबले भाजपा उन्हें आगे करेगी। देखा जाए तो दीपेंद्र और दुष्यंत को टक्कर देने के लिए भाजपा को नए नेताओं की जरूरत पड़ गई।

2014 लोकसभा चुनाव में मोदी की लहर के आगे बड़े-बड़े नेता चुनाव हार गए थे लेकिन रोहतक में कांग्रेस प्रत्याशी दीपेंद्र हुड्डा और हिसार में इनैलो प्रत्याशी दुष्यंत चौटाला चुनाव जीते थे। हालांकि अब दुष्यंत ने इनैलो से अलग होकर अपनी पार्टी का गठन कर लिया है। उस समय भाजपा और हजकां का गठबंधन था और हिसार में कुलदीप बिश्नोई प्रत्याशी थे लेकिन तब भी दुष्यंत शिकस्त देने में कामयाब रहे थे। इसी तरह हरियाणा में कांग्रेस 10 में से 9 सीटों पर चुनाव हार गई थी लेकिन रोहतक में कांग्रेस जीती और भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।

यही नहीं, साथ लगते प्रदेशों में भी कांग्रेस को हार को मुंह देखना पड़ा था। हालांकि भाजपा नेता दावा करते हैं कि दीपेंद्र हुड्डा इसलिए 3 बार चुनाव जीते कि उनके पिता मुख्यमंत्री थे और अबकी बार सत्ता भाजपा की है जिसके चलते दीपेंद्र की हार तय है। इस दावों के बावजूद भाजपा प्रत्याशी की घोषणा में देरी सोचने पर मजबूर करती है कि रोहतक में प्रत्याशी चयन के लिए भाजपा को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

सूत्रों के अनुसार प्रदेश नेतृत्व ने भाजपा हाईकमान को इस बात से अवगत करवा दिया कि दोनों स्थानों पर प्रत्याशियों की घोषणा में देरी से पार्टी को नुक्सान भी उठाना पड़ सकता है, क्योंकि दीपेंद्र और दुष्यंत का प्रचार जारी है। भाजपा कार्यकत्र्ता यह तय नहीं कर पा रहे है कि किस प्रत्याशी के लिए प्रचार करें। यह भी पता चला है भाजपा आज या कल तक प्रत्याशी की घोषणा कर देगी।

Shivam