उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने की ‘हरियाणा राज्य सामाजिक सुरक्षा बोर्ड’ की पहली बैठक

10/29/2021 4:44:32 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को हरियाणा निवास में ‘हरियाणा राज्य सामाजिक सुरक्षा बोर्ड’ की प्रथम बैठक की अध्यक्षता की। हरियाणा राज्य सामाजिक सुरक्षा बोर्ड के चेयरमैन व उप मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद जानकारी दी कि केंद्र सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा ई-श्रम पोर्टल विकसित किया गया है, जिसमें आधार नंबर के साथ असंगठित मजदूरों का राष्ट्रीय डेटाबेस तैयार किया जाएगा ताकि उन तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभों का विस्तार किया जा सके।

उपमुख्यमंत्री बताया कि इस पोर्टल में खेत मजदूर से लेकर रेहड़ी, फेरी वाले, कामवाली बाई, मंडी में काम करने वाले मजदूर, मनरेगा वर्कर्स, स्वयं सहायता समूह की कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मिड-डे मिल वर्कर, आशा वर्कर, रिक्शा चालक आदि विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाले असंगठित मजदूरों को पंजीकरण करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत मजदूरों को ‘प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा योजना’ का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 2.66 लाख असंगठित मजदूरों द्वारा ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण किया गया है जबकि शेष मजदूरों को भी पंजीकरण करवाने के लिए अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ‘हरियाणा राज्य सामाजिक सुरक्षा बोर्ड’ की जिला स्तर की यूनिट भी जल्द गठित करने के निर्देश दिए।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam