विधानसभा में पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के विधायक दुष्यंत चौटाला

11/5/2019 10:51:57 AM

चंडीगढ़ (बंसल): हरियाणा विधानसभा के इतिहास में यह पहला मौका है जब मां और बेटा एक साथ विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे। प्रदेश के डिप्टी सी.एम. दुष्यंत चौटाला और उनकी मां नैना चौटाला ने सोमवार को सदन में विधायक पद की शपथ लेेने के साथ ही यह इतिहास रचा है। जननायक जनता पार्टी के संरक्षक डा.अजय सिंह चौटाला की पत्नी नैना सिंह चौटाला दादरी जिले की बाढड़़ा विधानसभा सीट से विधायक चुनी गई हैं,वहीं उनके बेटे दुष्यंत चौटाला ने उचाना कलां हलके से जजपा पार्टी की टिकट पर जीत दर्ज की है। सोमवार को हरियाणा विधानसभा में मां नैना सिंह चौटाला और उनके बेटे दुष्यंत चौटाला ने एक साथ विधायक पद की शपथ ली। दोनों ही विधायक सत्तापक्ष में बैठेंगे चूंकि जजपा ने भाजपा को समर्थन दिया हुआ है। विधानसभा में दोनों की सीट भी एक साथ है।

यह भी महज एक संयोग है कि देश में 16वीं लोकसभा के इतिहास में सबसे कम उम्र के सांसद चुनकर जाने वाले दुष्यंत चौटाला इस बार हरियाणा विधानसभा में पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के विधायक बने हैं। दुष्यंत चौटाला ने 31 साल की उम्र में विधायक व हरियाणा के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। विधायक नैना चौटाला का कहना है कि यह मेरे लिए भावपूर्ण पल रहा कि दुष्यंत और मैंने एक साथ विधायक पद की शपथ ली। उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए गर्व की बात है कि इतनी छोटी उम्र में दुष्यंत को प्रदेश की सेवा करने का मौका मिला है। इससे पहले भी दुष्यंत ने मात्र 25 साल की उम्र में देश की लोकसभा में पहुंचकर जनता के हकों की आवाज को बुलंद किया था।

नैना चौटाला लगातार दूसरी बार विधायक चुनी गई हैं। जजपा गठन से पहले नैना चौटाला डबवाली सीट से इनैलो की टिकट पर विधायक बनी थीं। हालांकि इससे पहले प्रदेश की सियायत में मां-बेटे पहले भी विधायक बने हैं परंतु एक ही विधानसभा में एक साथ नहीं बने। पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल की पत्नी जसमां देवी और उनका बेटा चंद्रमोहन व कुलदीप बिश्नोई भी विधायक चुने गए पर उनका कार्यकाल अलग-अलग रहा है। डबवाली से हरियाणा विधानसभा के सदस्य रहे जजपा के संरक्षक डा. अजय सिंह चौटाला विधानसभा शपथ ग्रहण सत्र के ऐतिहासिक पलों के गवाह बने। डा.अजय चौटाला वी.आई.पी. गैलरी में मौजूद थे और उन्होंने शपथ ग्रहण सत्र के हर पल को बड़े बारीकी से देखा।

Isha