कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्रदेश में बदलाव आएगा : दुष्यंत

6/17/2019 12:00:32 PM

कुरुक्षेत्र (सिंधवानी): त्याग बिना प्रदेश में परिवर्तन लाना सम्भव नहीं। 100 दिन सब कुछ त्याग करके सभी कार्यकत्र्ता विधानसभा के चुनावी मैदान में उतर जाएं। कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्रदेश में बदलाव भी आएगा और जन-जन का राज भी। यह बात जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला ने कुरुक्षेत्र में आयोजित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की जिला स्तरीय बैठक को सम्बोधित करते हुए कही। 

दुष्यंत ने कहा कि लोकसभा चुनाव में मिली जीत के बाद अहंकार में आई भाजपा बड़े घमंड के साथ प्रदेश में 75 सीटें जीतने का दावा कर रही है लेकिन जजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत के बलबूते भाजपा का यह घमंड तोड़ेगी। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए दुष्यंत ने कहा कि जजपा को केवल चुनाव निशान ही नहीं मिला, बल्कि पूरे हरियाणा की समृद्धि के ताले की चाबी मिली है। विधानसभा चुनाव में जब जजपा की जीत के बाद सरकार बनेगी तो पूरे हरियाणा का किसान, मजदूर, व्यापारी के साथ हर वर्ग में समृद्धि आएगी। इसको असलियत में हरियाणा की खुशहाली की चाबी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को दिन-रात एक करते हुए मेहनत करनी होगी। 

तभी प्रदेश में देवीलाल की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी जजपा को जनसेवा का मौका मिलेगा। दुष्यंत ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि कार्यकत्र्ता जजपा के निशान चाबी के साथ चुनावी मैदान में उतरें। उन्होंने कहा कि हर प्रदेशवासी को पार्टी कार्यकत्र्ता बताएं कि यह चाबी युवाओं को रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, किसान-व्यापारियों की खुशहाली, कर्मचारियों-अधिकारियों के अधिकार दिलवाने की है।
 दुष्यंत ने कार्यकर्ताओं को जजपा द्वारा शुरू की 3 विशेष मुहिमों को जनता से अवगत करवाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकत्र्ता रोजगार-मेरा अधिकार के तहत बेरोजगार युवाओं से सम्पर्क करके उनके फार्म भरवाएं ताकि सरकार आने पर प्रमुखता से बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ा जा सके। 

दूसरी विशेष मुहिम किसानों के कर्ज से जुड़ी है। ऐसे किसानों को चिन्हित करके उनका आंकड़ा तैयार किया जाए जो किसी सरकारी रिकार्ड या अन्य कहीं कर्जमाफी के हकदार नहीं बन सके हैं। जजपा का लक्ष्य है कि सरकार बनने पर महिलाओं की पैंशन उम्र घटाकर 55 वर्ष की जाए। 

Shivam