दुष्यंत ने कहा- छह अलग-अलग फसलों को MSP पर खरीदा जाएगा, अभय को बताया नॉन सीरियस

2/26/2021 8:10:40 PM

सिरसा (सतनाम सिंह): हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने किसान आंदोलन को लेकर कहा कि इस मसले का हल संवाद और चर्चा से ही निकलेगा। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसान आंदोलन की राह छोड़ कर खेती बाड़ी की ओर लौटे। किसान संगठनों को बातचीत के लिए आगे आना चाहिए। केंद्र सरकार संवाद को लेकर तैयार है।

साथ ही उन्होंने कहा कि इस बार छह अलग-अलग फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। वहीं उन्होंने एक बार फिर अपने चाचा इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला को नॉन सीरियस पॉलिटिशियन बताया। दुष्यंत आज सिरसा में पत्रकारों से बात कर रहे थे।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि खरीद सीजन को लेकर सरकार पूरी तरह तैयार है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में आगामी सीजन में गेहूं, सरसों, धान व सूरजमुखी के साथ साथ चना व जौ की भी सरकारी खरीद होगी। मंडियों में किसानों की फसल खरीद के लिए बेहतर व्यवस्था व्यवस्था की जाएगी। देश के इतिहास में पहली बार जौ की फसल को एमएसपी पर खरीदा जाएगा। 

उन्होंने किसानों से आग्रह करते हुए कहा कि सभी किसान ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करवाएं। ताकि उनकी फसल दाना दाना खरीदा जा सके। उन्होंने कहा कि फसल भुगतान के लिए इस बार किसानों को आई फॉर्म कटने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जैसे ही आढ़ती किसानों का जे फॉर्म काटेगा, उसके 48 घंटे में किसानों की फसल का भुगतान कर दिया जाएगा। 

बजट को लेकर बोलते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि 36 बिरादरी को ध्यान में रख कर बजट पेश होगा। विभागीय बैठकें कर सुझाव लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधारभूत ढांचे को मजबूत करने वाला मॉडल बजट पेश होगा। जिसमें सभी वर्गों को लाभ मिलेगा। इनेलो अभय चौटाला के सवाल को टालते हुए दुष्यंय ने एक बार फिर अभय चौटाला नॉन सीरियस पॉलिटीशियन बताया।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Shivam