ईडी की ओपी चौटाला पर बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की संपत्ति जब्त (VIDEO)

4/15/2019 7:16:37 PM

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ई.डी.) ने सोमवार को कहा कि धनशोधन के मामले में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला की दिल्ली, पंचकूला और सिरसा में स्थित 3.68 करोड़ रुपए की संपत्तियों को कुर्क किया गया है। उसने कहा कि इन अचल संपत्तियों को कुर्क किए जाने के लिए धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पी.एम.एल.ए.) के तहत एक अस्थायी आदेश जारी किया गया है।

 धनशोधन का यह मामला कथित रूप से आय से अधिक संपत्ति रखने के लिए चौटाला, उनके पुत्रों अजय चौटाला और अभय चौटाला तथा अन्य के खिलाफ केन्द्रीय जांच ब्यूरो की प्राथमिकी के आधार पर है। बाद में एजैंसी ने इन लोगों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोप लगाए थे। 

ई.डी. ने कहा कि सी.बी.आई. जांच में पाया गया कि चौटाला ने मई, 1993 से मई, 2006 तक 6.09 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्तियों को कथित रूप से ‘अर्जित’ किया था, जो उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक थी। एजैंसी ने कहा कि उनके बड़े बेटे अजय चौटाला भी 27.74 करोड़ रुपए से ज्यादा आय से अधिक संपत्ति होने के इन्हीं आरोपों का सामना कर रहे हैं और उनके दूसरे बेटे अभय चौटाला ने कथित रूप से 119 करोड़ रुपए से अधिक की इसी तरह की संपत्तियों को अर्जित किया था।

Shivam