26 सरकारी कॉलेजों को शिक्षा विभाग ने भेजा नोटिस, छात्रवृत्ति देने से कर रहे अानाकानी

12/5/2017 1:45:33 PM

चंडीगढ़(सनमीत):प्रदेश के सरकारी कालेजों ने एस.सी. छात्रों के कल्याण के लिए जारी छात्रवृत्ति राशि मिलने के 2 महीने बाद भी उन्हें खर्च नहीं किया। हायर एजुकेशन विभाग छात्रवृत्ति के संबंध में 2 महीने में 6 बार उन्हें पत्र लिख चुका है। ऐसे में अब हायर एजुकेशन ने मामले पर संज्ञान जारी करते हुए 26 कालेजों के प्रिंसिपल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इतना ही नहीं, उन्हें चेतावनी दी कि यदि यह राशि लैप्स हो गई तो इसके लिए प्रिंसिपल जिम्मेदार होंगे। 

हायर एजुकेशन विभाग हरियाणा ने 12 अक्तूबर, 2017 को सभी सरकारी कालेजों को 2017-18 का अनुसूचित जाति के छात्रों की छात्रवृत्ति के लिए बजट जारी किया था। यह राशि करोड़ों रुपए में थी। कुछ कालेजों ने छात्रवृत्ति छात्रों को बांट दी लेकिन 26 कालेजों ने छात्रवृत्ति का कुछ हिस्सा ही खर्च किया। करीब 16 कालेजों को छात्रवृत्ति का जितना बजट अलॉट हुआ था, उसमें से एक पाई भी स्टूडैंट्स को नहीं दी।

इन कालेजों ने नहीं जारी की छात्रवृत्ति की राशि
छात्रवृत्ति की राशि जारी न करने वाले कालेजों में जी.सी. साहा, जी.सी.डब्ल्यू तोशाम, जी.सी. फरीदाबाद, जी.सी. टोहाना, जी.सी. रतिया, जी.सी.डब्ल्यू सैक्टर-14 गुडग़ांव, डी.जी.सी. गुडग़ांव, जी.सी. सैक्टर-9 गुडग़ांव, जी.सी. आदमपुर, जी.सी. बरवाला, जी.सी. छछरौली, जी.सी. बिरोहर, जी.सी. बहादुरगढ़, जी.सी.डब्ल्यू जींद, जी.सी. करनाल, जी.सी. नारनौल, जी.सी.डब्ल्यू महेंद्रगढ़, जी.सी.डब्ल्यू सतनाली, जी.सी. अटेली, जी.सी. कनीना, जी.सी. इसराना, जी.सी.डब्ल्यू सांपला, जी.सी. सांपला, जी.सी. नाहरा, जी.सी.डब्ल्यू गुरावारा, जी.सी. पुन्हाना शामिल हैं।