सड़क हादसे में कार के उड़े परखच्चे, 8 लोग घायल

3/4/2023 4:09:06 PM

जींद (अमनदीप पिलानिया) : जिले के गोहाना रोड स्थित भभेवा गांव के पास दो गाड़ियां आपस में टकरा गई। जिसमें आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। हादसे में घायल सभी को जींद के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों में बच्चों से लेकर महिलाएं भी शामिल हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक सोनीपत जिले के गांव कमासपुर निवासी नीरज अपने परिवार के साथ खेलगांव में निडानी के स्पोर्ट्स स्कूल में आया हुआ था। यहां से अपने भांजे को लेकर वह वापस सोनीपत की तरफ जा रहा था। तभी गांव भम्भेवा के पास गोहाना की तरफ से आ रही गाड़ी के साथ उनकी टक्कर हो गई।

इस हादसे में नीरज, उसकी पत्नी सविता, उसका 5 वर्षीय बेटा हार्दिक और 2 वर्षीय दैविक, नीरज की बहन गांव जाजी सोनीपत निवासी सीमा और 13 वर्षीय भांजा वंश गम्भीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी गाड़ी में सवार सोनीपत जिले के गांव शामडी निवासी सोनू, उसकी पत्नी मीना भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का जींद के सिविल अस्पताल में ईलाज चल रहा है। 

नीरज सोनीपत में एक निजी कंपनी में काम करता है और उसे शाम की शिफ्ट में ड्यूटी पर जाना था। इससे पहले वह अपने पत्नी, बहन व बच्चों को लेकर निडानी से वापस कमासपुर जा रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Gourav Chouhan