बिना कुछ बताए घर से गायब हो गया था बुजुर्ग, फिर मिली सूचना...परिजनों के पैरों तले खिसकी जमीन

punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 12:33 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : जिले के पिहोवा क्षेत्र के गांव स्योंसर में एक बुजुर्ग द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 60 वर्षीय बाल मुकुंद पुत्र मामराज ने पड़ोसी के खेत में पेड़ से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के समय खेत में कोई मौजूद नहीं था, जिससे काफी देर तक किसी को इसकी भनक नहीं लग सकी।

शाम के समय जब खेत मालिक विकास कुमार अपने खेत में पहुंचा तो उसने पेड़ से लटकता शव देखा। यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और बाल मुकुंद को फंदे से नीचे उतारकर तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार बाल मुकुंद मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। हालांकि परेशानी का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

मृतक के बेटे अजय कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके पिता अचानक घर से बिना कुछ बताए चले गए थे। काफी देर तक तलाश करने के बाद उन्हें सूचना मिली कि उनके पिता ने गांव में ही विकास कुमार के खेत में जाकर फंदा लगा लिया है। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। परिवार ने इस मामले में किसी भी प्रकार की साजिश या अन्य व्यक्ति पर शक से इनकार किया है और घटना को पूरी तरह से अचानक बताया है। उधर, सूचना मिलते ही गुमथला गढ़ू चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्रित किए। 

पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान के आधार पर इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)       


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static