मंत्री ढांडा के सामने भावुक हुई बुजुर्ग महिला, बोलीं- अधिकारियों के गलत बर्ताव से हूं परेशान

12/8/2022 2:36:56 PM

यमुनानगर(सुमित): महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा आज यमुनानगर में कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने पहुंची। लोगों की शिकायतें सुनते हुए मंत्री के सामने एक बुजुर्ग महिला भावुक हो गई। महिला ने ढांडा को बताया कि अधिकारी उनके साथ सही बर्ताव नहीं करते। इसके बाद मंत्री ढांड़ा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग के अधिकारी लोगों की शिकायतों को सुनने और उनका समाधान करने के साथ ही अपना बर्ताव भी सही रखें। इस बैठक में जिला प्रशासन के सभी अधिकारी भी मौजूद रहे। कमलेश ढांडा ने मौके पर ही अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का समाधान करने के आदेश दिए।

 

19 मामलों में से 15 का हुआ मौके पर निपटारा

 

बता दें कि कष्ट निवारण समिति की बैठक में कुल 19 मामले सामने आए, जिनमें से 15 को मौके पर निपटा दिया गया, वहीं चार मामले लंबित हैं। राज्य  मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के हित के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आज इस बैठक में  जमीन विवाद, नगर निगम, पुलिस और अन्य कई विभागों से जुड़े हुए मामले उनके सामने आए थे, जिन्हें मौके पर ही निपटा दिया गया। ढांडा ने बताया कि मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं कि विभागों में आने वाले सभी लोगों की शिकायत को सुना जाए और उस पर कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने  कहा कि अधिकारी सभी के साथ अच्छा बर्ताव करें। कमलेश ढांडा ने कहा कि पहले ही शिकायतकर्ता अपनी समस्या को लेकर परेशान होते हैं और अगर अधिकारियों द्वारा उनकी बात सही से न सुनी जाए तो वे और ज्यादा परेशान हो जाते हैं।  

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)       

 

Content Writer

Gourav Chouhan