विधानसभा में मुद्दों की बजाय चेहरों पर होंगे चुनाव!

7/4/2019 10:16:36 AM

जींद (जसमेर): प्रदेश में कई बार विधानसभा चुनाव मुद्दों की बजाय चेहरों पर हुए हैं। चेहरों के दम पर प्रदेश में कई दलों को सत्ता हासिल हुई है। अक्तूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव भी चेहरों पर ही होने जा रहे हैं। इसमें भाजपा की तरफ से सी.एम. मनोहर लाल, जे.जे.पी. की तरफ से पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला, कांग्रेस की तरफ से पूर्व सी.एम. भूपेंद्र हुड्डा, कुलदीप बिश्रोई, रणदीप सुर्जेवाला, कुमारी शैलजा जैसे कई नेता चुनावी चेहरा होंगे। प्रदेश की जनता इनमें से किसे सी.एम. बनाने के लिए वोट डालेगी, यह चुनावी नतीजे बताएंगे। पहली बार मनोहर लाल के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी भाजपा अक्तूबर में होने वाले हरियाणा विधानसभा के चुनाव एक बार फिर चेहरों पर लड़े जाएंगे। इसमें भाजपा का चेहरा सी.एम. मनोहर लाल हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व सी.एम. भूपेंद्र हुड्डा अब तक सी.एम. मनोहर लाल और उनकी सरकार की यह कहकर आलोचना करते आ रहे थे कि अनुभवहीन लोगों के हाथों में प्रदेश की कमान आ गई है।

पहली बार सी.एम. मनोहर लाल के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी भाजपा
अक्तूबर में जब विधानसभा चुनावों की जंग होगी तो पूर्व सी.एम. भूपेंद्र हुड्डा सी.एम. मनोहर लाल को अनुभवहीन नहीं बता पाएंगे। 5 साल के दौरान सी.एम. मनोहर लाल ने न केवल प्रदेश सरकार को सफलतापूर्वक चलाया है बल्कि जींद उप-चुनाव से लेकर मेयर चुनावों और लोकसभा चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलवा कर यह साबित कर दिया है कि मनोहर लाल अब 5 साल पहले वाले मनोहर लाल नहीं होकर अनुभवी मुख्यमंत्री मनोहर लाल हैं। उनके पास 5 साल तक प्रदेश को चलाने का अनुभव आ चुका है और यह विधानसभा चुनावों में भाजपा के खिलाफ कांग्रेस तथा दूसरे विरोधी दलों को अपनी चुनावी रणनीति बदलने पर मजबूर कर देगा।  

जे.जे.पी. का चेहरा पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला
विधानसभा चुनावों में जे.जे.पी. का चेहरा पूर्व सांसद दुष्यंत चौटाला हैं। दुष्यंत चौटाला खुद को देश का सर्वश्रेष्ठ सांसद साबित कर चुके हैं। वह प्रदेश के सी.एम. पद को लेकर सबसे युवा चेहरा हैं। प्रदेश के युवाओं को निजी सैक्टर में नौकरियों में 75 प्रतिशत आरक्षण का वायदा कर दुष्यंत चौटाला ने युवाओं को जे.जे.पी. की तरफ लाने को लेकर अपनी तरफ से मास्टर स्ट्रोक चल दिया है। सी.एम. मनोहर लाल को युवा जोश दुष्यंत चौटाला के चेहरे के साथ मुकाबला करना होगा। 

कांग्रेस का चुनाव में चेहरा कौन होगा, इसका फैसला खुद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तक नहीं कर पा रहे हैं। कांग्रेस के सी.एम. पद के जितने चेहरे हैं, उनमें पूर्व सी.एम. भूपेंद्र हुड्डा से लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणदीप सुर्जेवाला सब अनुभवी नेता हैं। सी.एम. मनोहर लाल को कांग्रेस के इन अनुभवी चेहरों के साथ चुनावी जंग लडऩी है। इनैलो भले ही प्रदेश में अपने विधायकों से लेकर जनाधार लगातार खोती जा रही है। लोसुपा का चेहरा पूर्व सांसद राजकुमार सैनी होंगे। सैनी भी अपने चेहरे पर विधानसभा चुनाव लडऩे की बात कह रहे हैं। सी.एम. पद के इन चेहरों में जनता को सबसे ज्यादा किसका चेहरा पसंद आता है, यह हरियाणा विधानसभा के चुनावी नतीजे तय करेंगे। 

Isha