इलेक्ट्रोल रोल रिवीजन का कार्यक्रम  28 मार्च तक लगभग पूरा होगा:धनपत सिंह

2/24/2022 1:54:05 PM

चंडीगढ़( चंद्रशेखर धरणी):  हरियाणा में अर्बन लोकल बॉडीज के होने वाले चुनावों को लेकर चुनाव आयोग की किस प्रकार की तैयारियां हैं ? सुरक्षा व्यवस्थाओं के इंतजाम क्या है और कहां-कहां चुनाव होने हैं ? इस प्रकार के महत्वपूर्ण विषय पर प्रदेश के मुख्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह से पंजाब केसरी ने विशेष वार्ता की। जिसमें उन्होंने हाल ही में होने वाले चुनाव की फाइनल तिथि ना बताते हुए अप्रैल माह के अंत में यह चुनाव होने की संभावनाएं जताई। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग चुनाव की व्यवस्थाओं और तैयारियों को लेकर युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। यह चुनाव ईवीएम के जरिए होंगे और कोट द्वारा क्लीन चिट देने के बाद प्रदेश सरकार से अनुशंसा आने के बाद पंचायती चुनाव भी करवाए जाएंगे। और भी कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत हैं:-

प्रशन:- प्रदेश में कुल कितनी अर्बन लोकल बॉडीज हैं और कहां- कितनी जगह पर चुनाव होंगे ?
उत्तर:- प्रदेश में कुल 93 अर्बन लोकल बॉडीज हैं। जिसमें से 11 मुंसिपल कॉरपोरेशन, 22 मुंसिपल काउंसिल और 60 मुंसिपल कमेटीयां हैं। जनसंख्या के आधार पर यह बनाई जाती हैं। राज्य सरकार की तरफ से हमें इनमें से 48 जगह पर चुनाव करवाने की अनुशंसा आई है। वार्ड बंदी, रिजर्वेशन के कार्यक्रम और कैटेगरी वाइज चुनाव करवाने को लेकर लगभग तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। इलेक्ट्रोल रोल रिवीजन का कार्यक्रम हमने चलाया हुआ है। जो कि 28 मार्च तक लगभग पूरा हो जाएगा। फिर असल चुनाव का शेड्यूल हम जारी कर देंगे। अभी फाइनल तिथि नहीं बता सकता। लेकिन अप्रैल के अंत में यह चुनाव करवाने की संभावनाएं हैं।

 

प्रशन:- लिमिट बढ़ाए जाने के कारण कुछ कमेटियों में चुनाव ना करवाने की कुछ चर्चा है, वह क्या है ?
उत्तर:- प्रदेश में कालावाली, सिसाय और थानेसर कमेटियों बारे अर्बन लोकल बॉडीज के द्वारा जानकारी दी गई कि मुंसिपल लिमिट बढ़ाए जाने पर विचार चल रहा है जो नए लोग इसमें शामिल होंगे, उनके अधिकारों को सुरक्षित रखने के लिए यहां चुनाव अभी नहीं करवाए जा रहे। जैसे ही काम कंप्लीट होने के बाद अनुशंसा आएगी दूसरे चरण में यहां चुनाव करवा दिए जाएंगे।

 

प्रशन:- मतदाता सूची कब तक और कौन सी मान्य रहेगी ?
उत्तर:- इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया की मतदाता सूची को हम प्रयोग करते हैं। 5 जनवरी 2022 को इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया ने विधानसभा और लोकसभा के लिए जो मतदाता सूची जारी की थी उन्हीं को हम अपडेट करेंगे और उसे फाइनल कर देंगे।

 

प्रशन:- नए मतदाता के ऐड होने की अंतिम तिथि क्या रहेगी ?
उत्तर:- इस मतदाता सूची में 30 नवंबर तक के मतदाता शामिल हो चुके होते हैं। 5 जनवरी 2022 को सार्वजनिक की गई है और हम इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया की मतदाता सूची को ही मान्य करते हैं।  किसी की शादी या मृत्यु की वजह से किसी का नाम काटना या जोड़ना होता है तो चीफ इलेक्टरल ऑफीसर की हिदायतो के बाद हम ऐसा कर सकते हैं। हम 5-1-2022 की ही लिस्ट को फाइनल मानते हैं।

 

प्रशन:- यह चुनाव ईवीएम से होंगे या फिर मतपत्रों से ?
उत्तर:- मुंसिपल लोकल बॉडी के चुनाव ईवीएम मशीनों से ही करवाए जाते हैं। लेकिन पंचायती चुनाव में पंचों की संख्या बहुत अधिक होती है। इतनी अधिक संख्या में ईवीएम रखे जाना और ऑपरेट करना संभव नहीं होता। बड़ी संख्या में मशीनों की एबिलिटी भी एक बड़ा मुद्दा होता है। प्रदेश में 6700 गांव हैं और हर गांव में 10 से 12 तक भी पंच होते हैं। इसलिए इन चुनावों में मतपत्रों का इस्तेमाल होता है। लेकिन जिला परिषद, वार्ड मेंबर और पंचायत समिति चेयरमैन के चुनाव हम ईवीएम से ही करवाते हैं। बाकि स्थिति पंचायती चुनाव के लिए अनुशंसा आने के बाद स्पष्ट होगी।

 

प्रशन:- क्या इन चुनावों में कोरोना गाइडलाइंस की पालना होगी ?
उत्तर:- सभी उपायुक्तों को इस बारे में निर्देश दिए जाएंगे। फिलहाल भी चुनाव संबंधित कार्यक्रमों में कोविड प्रोटोकॉल की पालना की जा रही है। चुनाव नजदीक आने पर स्थितियों को देखते हुए आगामी फैसला लिया जाएगा।

प्रशन:- क्या प्रदेश के पास पर्याप्त ईवीएम मशीनें हैं ?
उत्तर:- 48 कमेटियों और काउंसिल के लिए हमारे पास पर्याप्त ईवीएम के पर्याप्त इंतजाम हैं। आमतौर पर इनमें 13-20 या अधिकतम 22 वार्ड हैं। इसलिए ज्यादा मशीनों की जरूरत नहीं है। पंचायत चुनावों के मद्देनजर भी हम तैयारियों में है। 10 मार्च के बाद हमें राजस्थान से करीब 14 हजार ईवीएम मशीन में मिलेंगी। फिलहाल पांच राज्यों में चुनाव चल रहे हैं। 10 मार्च को उनके रिजल्ट आएंगे। उससे पहले हम मशीनें नहीं ला सकते।

Content Writer

Isha