बिजली विभाग की लापरवाही पड़ी भारी, उपभोक्ताओं को भेजा 70 लाख से अधिक का बिल

11/20/2019 4:01:27 PM

फरीदाबाद (अनिल राठी) : दक्षिण हरियाणा के बिजली वितरण निगम ने एक बार फिर उपभोक्ताओं को जोर का झटका धीरे से दिया है। दरअसल बिजली निगम के एक ही सब डिवीजन में अधिकारियों की लापरवाही के चलते 121 उपभोक्ताओं को 70 लाख रुपए से अधिक बिल भेजे गए हैं। बिजली निगम के अधिकारियों ने अपनी गलती मानते हुए जल्द ही सभी उपभोक्ताओं के बिलों को ठीक करने की बात कही है। 

जानकारी के अनुसार उपभोक्ताओं ने बताया कि बिजली बिल दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा करीब 14000 का बिल है लेकिन जब उपभोक्ता बिल देने गए तो तकनीकी कर्मचारियों ने बिल भरने से साफ तौर पर इंकार कर दिया। उपभोक्ता की माने तो जब उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों से बिल ना भरने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया की बिल करीब 14000 का नहीं, बल्कि 73 लाख 92 हजार 326 का है। यह सुनते ही उपभोक्ता के होश उड़ गए।

उपभोक्ता का कहना है कि उन्होंने देखा कि संबंधित कर्मचारी उपभोक्ताओं से पैसे लेकर बिल्कुल सही करके उन्हें दे रहे थे जबकि उन्होंने कई बार शिकायत निगम अधिकारियों की लेकिन उनका बिल अधिकारियों ने सही नहीं किया। उपभोक्ता की माने तो आम दिनों में उनका बिजली बिल 14000, 15000 और 16000 के करीब ही आता है।

वहीं बिजली निगम के यूडीसी क्लर्क की माने तो तकनीकी कारणों से 121 उपभोक्ताओं को इस तरह के बिल भेजे गए हैं। सभी बिल 70, 00000 से अधिक के हैं। लेकिन अब इन बिलों को सही करने का काम किया जा रहा है और जल्द ही सारे बिलों को सही कर दिया जाएगा।

 

Isha