मांगों को लेकर हड़ताल पर जाएंगे बिजली कर्मी, मांगे पूरी न होने पर दी ये चेतावनी

1/7/2023 1:29:33 PM

चरखी दादरी (पुनीत) : बिजली कर्मचारी एक बार फिर से  मांगों को लेकर हड़ताल पर जाएंगे। कर्मचारियों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानी तो वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। जरूरत पड़ने पर ब्रेक डाउन भी कर सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक दादरी के बिजली निगम कार्यकारी अभियंता कार्यालय के समक्ष कर्मचारी एकजुट हुए और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ऑनलाइन ट्रांसफर, राइट टू सर्विस एक्ट के खिलाफ रोष मीटिंग करते हुए धरना दिया। धरने पर कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष प्रदर्शन किया। साथ ही निर्णय लिया कि फिलहाल उनका सांकेतिक धरना है। आगामी दिनों में वह सर्कल व मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। जरूरत पड़ने पर वे हड़ताल पर चले जाएंगे और ब्रेक डाउन करेंगे।

कर्मचारी नेता विकास बल्हारा ने कहा कि लंबे समय से हमारी मांगे लंबित है जिन पर सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। बिजली कर्मियों की 12 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी एकजुट होकर विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार अवगत करवाने के बाद भी कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं की गई हैं। केंद्रीय परिषद के आह्वान पर आगामी दिनों में आंदोलन तेज करेंगे और जरूरत पड़ी तो कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे।

Content Writer

Manisha rana