खौफनाक हादसा: डीजे की गाड़ी पर हाईटेंशन लाइन से उतरा करंट, 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Thursday, Aug 20, 2026 - 01:37 PM (IST)
फरीदाबाद: छायंसा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहाँ डीजे की गाड़ी पर काम कर रहे एक 25 वर्षीय युवक की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से जान चली गई। हादसे के बाद पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर डीजे संचालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छायंसा निवासी बलदेव ने बताया कि उनका 25 वर्षीय बेटा आनंद गांव के ही डीजे संचालक कालू के पास काम करता था। बुधवार को आनंद डीजे की गाड़ी के ऊपर चढ़कर साउंड सिस्टम और लाइटें सेट कर रहा था। इसी दौरान गाड़ी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन तार से उसका शरीर छू गया।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आते ही आनंद को बिजली का जोरदार झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोग उसे तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही छायंसा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मृतक के पिता बलदेव की शिकायत पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही बरतने के आरोप में डीजे संचालक कालू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।