गली में मिला बच्चे का भ्रूण, क्षेत्र में फैली सनसनी

4/25/2017 8:33:25 AM

सिरसा:शहर के जनकल्याण कालोनी एरिया में एक बच्चे का भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि आखिर यह कुकृत्य किसने और क्यों किया। जानकारी मुताबिक गत दिवस तड़के कालोनी के लोगों ने गली में एक बच्चे का भ्रूण पड़ा देखा। कालोनी में यह खबर फैलते ही लोग घरों से बाहर निकलकर मौके पर एकत्रित हो गए। जे.जे. कालोनी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लिया। 
पुलिस का कहना है कि भ्रूण लड़के का है और करीब 6 महीने का है। भ्रूण को सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष में रखवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। यही कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी बिन ब्याही महिला ने लोक लाज के चलते यह सब किया।