मांगों को लेकर नगर परिषद कार्यालय में कर्मचारियों की हड़ताल

8/27/2021 6:06:35 PM

सिरसा (सतनाम सिंह): नगरपालिका कर्मचारी संघ व फायर बिग्रेड कर्मचारी संघ के कर्मचारियों ने शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय में एक दिन का अवकाश लेकर हड़ताल की। नगर परिषद कार्यालय के बाहर कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने 24-25 अगस्त को भी अपने मांगों को लेकर 2 दिवसीय भूख हड़ताल भी की थी लेकिन सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने का कोई आश्वासन नहीं दिया जिसके बाद आज सिरसा में कर्मचारियों ने एक दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों ने सरकार से उनकी मांगे पूरी करने की मांग की। इसके अलावा कर्मचारियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने समय रहते हुए उनकी मांगे पूरी नहीं की तो वे सरकार के खिलाफ आर पार की लड़ाई लडऩे को मजबूर हो जाएंगे।

मीडिया से बातचीत करते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान मनोज अटवाल और फायर ब्रिगेड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राजेश कुमार ने बताया कि कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सरकार से बार-बार गुहार लगा रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को दरकिनार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ उनकी मांगों को लेकर सहमति बन गई थी लेकिन सहमति बनने के बाद भी सरकार ने उनकी मांगों को लागू नहीं किया जिसके विरोध में आज कर्मचारियों ने एक दिवसीय हड़ताल शुरू की है। 

उन्होंने कहा कि सरकार के साथ हुए समझौते के तहत कर्मचारियों को रिस्क भत्ता देने, रेगुलर पॉलिसी बनाने, ठेका प्रथा पूर्णतया बंद करने, बकाया भत्ते जारी करे व कोरोना काल में मृत्यु को प्राप्त हुए कर्मचारियों के परिवारों को 50 लाख की आर्थिक मदद देने पर सहमति बनी थी। इसी के साथ फायर बिग्रेड में भर्तियां करने की मांग मानी गई थी। अब तक समझौते को लागू नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया तो आने वाले दिनों में सरकार के खिलाफ आर पार की लड़ाई लडऩे को मजबूर हो जाएंगे।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Shivam