16 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल को लेकर कर्मचारी संघ ने कसी कमर, कहा- मांगें पूरी होने तक चैन से नहीं बैठेंगे

2/14/2024 4:16:19 PM

भिवानी: अपने विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्षरत विभिन्न कर्मचारी संगठन सरकार द्वारा बार-बार की जा रही वायदा खिलाफी से पूरी तरह से तंग आ चुके हैं। देश की सभी ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर 16 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल किए जाने का ऐलान किया है। इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल में हड़ताल में हरियाणा कर्मचारी महासंघ व एटक भी बढ़-चढक़र भाग लेगा तथा अपनी हकों की आवाज को बुलंद करने का काम करेगा। यह बात हरियाणा कर्मचारी महासंघ व अध्यापक संघ के प्रदेश प्रवक्ता जयवीर नाफरिया व एटक के राज्य उपाध्यक्ष ईश्वर शर्मा ने बुधवार को भिवानी में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जयवीर नाफरिया व ईश्वर शर्मा ने कहा कि सरकार की वायदा खिलाफी व बरगलाऊ नीति के चलते हर वर्ग में रोष है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी पिछले लंबे समय से सरकार की अनदेखी व कर्मचारी विरोधी नीति को झेल रहा है, लेकिन अब कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है। जबतक उन्हें उनके हक नहीं मिल जाते, वे संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी मांगों के प्रति सरकार उदासीन रवैया अपनाए हुए, जिसके चलते कर्मचारियों में रोष है।

 अपनी मांगों के बारे में बताते हुए हरियाणा कर्मचारी महासंघ व अध्यापक संघ के प्रदेश प्रवक्ता जयवीर नाफरिया व एटक के राज्य उपाध्यक्ष ईश्वर शर्मा ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल किए जाने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी एक्सग्रेसिया नीति लागू करने, बिना शर्त कैशलैस नीति लागू करने, हरियाणा कौशल रोजगार निगम भंग करके नियमित भर्ती करने आदि है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा कर्मचारी महासंघ की बीते एक फरवरी को पानीपत में हुई राज्य कार्यकारिणी की बैठक में राज्य प्रधान विश्वनाथ शर्मा व राज्य महासचिव सुनील खटाना के नेतृत्व में 16 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल किए जाने का फैसला लिया गया था। उन्होंने कहा कि एकट से संबंधित सभी संगठन भी हड़ताल में शामिल होंगे। इसके लिए सभी संगठनों के कर्मचारियों से संपर्क साधा जा रहा है तथा दौरे भी किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती, वे चैन से नहीं बैठेंगे। 

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Saurabh Pal