कैथल में एनकाउंटर... पुलिस ने 16 घंटे में आरोपी को दबोचा, अस्पताल में 2 युवकों पर किया था जानलेवा हमला

punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 08:26 AM (IST)

कैथल (जयपाल रसूलपुर) : कैथल में सोमवार को सरकारी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घुसकर दो युवकों पर चाकू और पेचकस से जानलेवा हमला करने के मामले में कैथल पुलिस ने वारदात के करीब 16 घंटे के भीतर एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गिरफ्तारी के बाद कैथल लाते समय असंध रोड पर मुंडवाल माइनर के पास पुलिस टीम से सरकारी पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी की पहचान गांव क्योड़क निवासी गोविंद पुत्र धर्म सिंह के रूप में हुई है। सोमवार को गोविंद अपने साथी के साथ कैथल के सरकारी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचा था। यहां दोनों ने दो युवकों पर चाकू और पेचकस से हमला कर दिया और वारदात के बाद फरार हो गए। घटना के बाद एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए CIA-1 और SDU की टीमें गठित कर तलाश शुरू की गई।

शामली में छिपा था आरोपी

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश के शामली जिले में जाकर छिप गया था। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे करीब 16 घंटे में ही शामली से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद टीम आरोपी को कैथल लेकर लौट रही थी।

पेशाब का बहाना बनाकर पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनी

पुलिस के मुताबिक रात करीब 3 बजे असंध रोड पर मुंडवाल माइनर के पास आरोपी ने पेशाब करने का बहाना बनाकर पुलिस की गाड़ी रुकवाई। गाड़ी से नीचे उतरते ही उसने CIA-1 टीम के एक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने करीब 6 राउंड फायर किए। इनमें से एक गोली पुलिस की गाड़ी में लगी, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में पैर में मारी गोली

फायरिंग के बाद CIA-1 प्रभारी जसवंत सिंह और SDU के ASI तरसेम ने एक-एक हवाई फायर करते हुए आरोपी को सरेंडर करने की चेतावनी दी। पुलिस के अनुसार, चेतावनी के बावजूद आरोपी लगातार फायरिंग करता रहा। इसके बाद दोनों टीमों ने जवाबी कार्रवाई की और तीन-तीन राउंड फायर किए। इसी दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर गया। पुलिस टीम ने उसे तुरंत काबू कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, गोविंद के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, अपहरण और मारपीट सहित करीब 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है। अस्पताल में हमला करने के मामले में आगे की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static